बाढ़ की बेबसी के बीच उम्मीद की किरण, लखीमपुर में 150 परिवारों तक पहुंची राहत सामग्री
लखीमपुर खीरी के चुरवल गांव में बाढ़ प्रभावित 150 परिवारों को लायन्स क्लब उपकार ने राहत सामग्री वितरित की। राशन ...और पढ़ें
-1793606909125_m.webp)
HighLights
चुरवल गांव में 150 बाढ़ प्रभावित परिवारों को मदद।
लायन्स क्लब उपकार ने बांटी राशन किट और कंबल।
मुश्किल वक्त में मिली सहायता से ग्रामीणों को संबल।
संवाद सूत्र, लखीमपुर। बाढ़ की मार से जिंदगी की रफ्तार थम जाए और घर-गृहस्थी चलाना भी चुनौती बन जाए, तब मदद का बढ़ा एक हाथ किसी बड़े सहारे से कम नहीं होता। शारदा नदी के किनारे बसे चुरवल गांव में कुछ ऐसा ही मानवीय दृश्य नजर आया। बाढ़ की विभीषिका झेल रहे परिवारों के बीच लायन्स क्लब लखीमपुर खीरी उपकार के सदस्यों ने पहुंचकर राहत सामग्री बांटी तो जरूरतमंदों के चेहरों पर राहत और खुशी की चमक दिखाई दी। किसी के हाथ में राशन की किट थी तो किसी के कंधे पर ठंड से बचाव के लिए कंबल। मुश्किल वक्त में मिली इस मदद ने ग्रामीणों को संबल दिया।
अंतरराष्ट्रीय संगठन लायन्स इंटरनेशनल के डिस्ट्रिक्ट 321बी1 से संबद्ध क्लब की ओर से नकहा विकास खंड की ग्राम पंचायत पकड़िया के चुरवल मजरे में राहत वितरण किया गया। पहले चरण में 150 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री किट दी गईं। प्रत्येक किट में आटा, अरहर की दाल, चीनी, नमक और खाद्य तेल के साथ दो कंबल रखे गए हैं, ताकि परिवारों को भोजन के साथ ठंड से बचाव का भी इंतजाम मिल सके।
यह राहत सामग्री लायन्स फाउंडेशन की ओर से उपलब्ध कराई गई। मंडलाध्यक्ष लायन परमजीत सिंह के प्रयासों से क्लब को कुल 300 राहत किट मिली हैं। इनमें से 150 किट पहले चरण में वितरित की गईं। क्लब की ओर से अपने स्तर से अतिरिक्त राहत सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है। शहर से करीब 40 किलोमीटर दूर बसे इस गांव का चयन ग्रामीणों की जरूरतों और बाढ़ से प्रभावित स्थिति को देखते हुए किया गया।
रीजन चेयरपर्सन शैलेंद्र प्रताप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर राहत सामग्री के काफिले को रवाना किया। संस्थाध्यक्ष कुलदीप गुप्ता के नेतृत्व में पूर्वाध्यक्ष आर्येन्द्र पाल सिंह, राममोहन गुप्ता, सचिव अमर सिंह, वरिष्ठ सदस्य एडवोकेट रमेश कुमार वर्मा और मानवेन्द्र सिंह वितरण में शामिल रहे। इस दौरान पूर्वाध्यक्ष राजवीर सिंह और डॉ. रूपक टंडन भी मौजूद रहे। लाभार्थियों के चयन में चुरवल के पूर्व प्रधान हरिनाम सुंदर ने विशेष सहयोग किया।क्लब की ओर से राहत अभियान को आगे भी जारी रखने की तैयारी है। अगले चरण में फूलबेहड़ या निघासन विकास खंड के बाढ़ से अत्यधिक प्रभावित किसी गांव का चयन कर वहां राहत सामग्री पहुंचाई जाएगी।