विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब प्याज की खेती से बंपर कमाई करेंगे किसान, उद्यान विभाग मुफ्त में देगा उन्नत बीज

Published: Wed, 18 Nov 2026 06:45 AM (IST)

लखीमपुर खीरी में उद्यान विभाग किसानों को प्याज की व्यावसायिक खेती के लिए मुफ्त बीज वितरित कर रहा है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. उद्यान विभाग किसानों को मुफ्त प्याज बीज वितरित कर रहा है।

  2. जिले में 50 हेक्टेयर में प्याज उत्पादन का लक्ष्य।

  3. योजना का लाभ 'पहले आओ-पहले पाओ' आधार पर।

संवाद सूत्र, लखीमपुर। जिले में प्याज की खेती को व्यावसायिक रूप देने और किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए उद्यान विभाग ने पहल शुरू की है। अब किसानों को प्याज की उन्नत खेती के लिए बीज खरीदने पर जेब ढीली नहीं करनी पड़ेगी। एकीकृत बागवानी विकास मिशन (एमआईडीएच) के तहत विभाग निशुल्क बीज वितरित कर रहा है। चालू योजना में जिले के 50 हेक्टेयर क्षेत्रफल में प्याज उत्पादन कराने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके लिए किसानों को राष्ट्रीय बागवानी अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान (एनएचआरडीएफ) की अमेरिकन लाइट रेड प्रजाति का बीज दिया जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि किसान गेहूं और धान जैसी पारंपरिक फसलों के साथ प्याज को भी आय का जरिया बनाएं। निशुल्क बीज मिलने से खेती की शुरुआती लागत घटेगी और किसानों को नई फसल अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

योजना का लाभ पाने के लिए किसानों का चयन पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर होगा। निर्धारित लक्ष्य के तहत 20 और 15 हेक्टेयर के दो आवंटन समूहों में बीज उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। सीमित लक्ष्य के चलते पहले पंजीकरण कराने वाले किसानों को प्राथमिकता मिलेगी।

इच्छुक किसानों को उद्यान विभाग के पोर्टल dbt.uphorticulture.in पर आनलाइन पंजीकरण कराना होगा। किसान स्वयं अथवा जनसेवा केंद्र के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

पंजीकरण के बाद आधार कार्ड, खतौनी, बैंक पासबुक की छायाप्रति और पासपोर्ट आकार की फोटो जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय, विकास भवन में जमा करनी होगी। विभाग ने इच्छुक किसानों से जल्द आवेदन करने की अपील की है।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी में चार एकड़ जमीन पर बनेगा मुक्ति धाम, नगर पंचायत ने शुरू की तैयारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।