लखीमपुर में किसानों को फ्री बांटे जा रहे उन्नत बीज, प्याज की खेती को भी मिलेगा बढ़ावा
लखीमपुर में उद्यान विभाग किसानों को प्याज की खेती के लिए निशुल्क उन्नत बीज उपलब्ध करा रहा है। इसका उद्देश्य ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
उद्यान विभाग किसानों को निशुल्क प्याज बीज दे रहा है।
50 हेक्टेयर में प्याज खेती का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य।
संवाद सूत्र, लखीमपुर। किसानों की आमदनी बढ़ाने और पारंपरिक खेती के साथ व्यावसायिक फसलों को प्रोत्साहित करने के लिए उद्यान विभाग ने पहल की है। एकीकृत बागवानी विकास मिशन (एमआईडीएच) के तहत जिले के किसानों को प्याज की खेती के लिए निशुल्क उन्नत प्रजाति के बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
योजना के तहत जिले में 50 हेक्टेयर क्षेत्रफल में प्याज की खेती कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए किसानों को एनएचआरडीएफ (राष्ट्रीय बागवानी अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान) का अमेरिकन लाइट रेड प्रजाति का बीज दिया जा रहा है।
योजना में किसानों का चयन पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। निर्धारित लक्ष्य के तहत 20 हेक्टेयर और 15 हेक्टेयर के दो आवंटन समूहों में किसानों को बीज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। निशुल्क बीज मिलने से किसानों को शुरुआती लागत में राहत मिलेगी और प्याज उत्पादन का रकबा बढ़ाने में मदद मिलेगी।
योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को उद्यान विभाग के पोर्टल dbt.uphorticulture.in पर आनलाइन पंजीकरण कराना अनिवार्य है। किसान स्वयं अथवा नजदीकी जनसेवा केंद्र के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
पंजीकरण के बाद आधार कार्ड, खतौनी, बैंक पासबुक की छायाप्रति और पासपोर्ट आकार की फोटो सहित जरूरी अभिलेख जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय, विकास भवन में जमा करने होंगे। लक्ष्य सीमित होने के कारण इच्छुक किसानों से जल्द पंजीकरण कराने की अपील की गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।