मीरजापुर जिला कारागार में मुख्यालय से जुड़े सभी CCTV कैमरे, 82 प्रतिशत कर्मचारी तैनात
मीरजापुर जिला कारागार में सभी सीसीटीवी कैमरे मुख्यालय के वीडियो वॉल से जुड़े हैं और चालू हालत में हैं, जिससे 580 बंदियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
मीरजापुर जेल के सभी सीसीटीवी कैमरे मुख्यालय से जुड़े।
580 से अधिक बंदियों पर लगातार रखी जा रही नजर।
जेल में 82 प्रतिशत सुरक्षा कर्मचारी तैनात किए गए।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। संगमोहाल स्थित जिला कारागार में चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ये मुख्यालय स्थित वीडियो वाल से जुड़े हैं। जेल प्रशासन का दावा है कि सभी कैमरे चालू हैं। इनके माध्यम से कारागार में बंद 580 बंदियों पर लगातार नजर रखी जाती है। इसके अलावा गश्त के जरिए भी बंदियों और सुरक्षा पर निगरानी रखी जाती है।
जिला कारागार की क्षमता 393 बंदियों की है। इसके लिए दस पुरुष और एक महिला बैरक है। वर्तमान में यहां 580 से अधिक बंदी रखे गए हैं। जेल प्रशासन उनकी लगातार निगरानी करता है। बंदियों की निगरानी और जेल की सुरक्षा के लिए निर्धारित पदों के मुकाबले 82 प्रतिशत कर्मचारी तैनात हैं।
इनमें जेल अधीक्षक राजीव सिंह, जेलर, तीन डिप्टी जेलर, बंदी रक्षक और अन्य कर्मचारी शामिल हैं। जेल की सुरक्षा और बंदियों पर नजर रखने के लिए बंदी रक्षकों की ड्यूटी लगाई जाती है। डिप्टी जेलर भी निगरानी की जानकारी लेते रहते हैं।
निर्धारित पदों के मुकाबले लगभग 82 प्रतिशत जेलकर्मी कारागार में तैनात हैं। सभी सीसीटीवी कैमरे चालू हैं और मुख्यालय से जुड़े हुए हैं। जेल की सुरक्षा और बंदियों की निगरानी के लिए कर्मचारी लगातार गश्त करते हैं। -राजीव कुमार सिंह, जेल अधीक्षक।