22 नवंबर को लखीमपुर में बजेगा हवाई हमले का सायरन, होगा ब्लैकआउट
लखीमपुर में 22 नवंबर को ब्लैकआउट और हवाई हमले की व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य आपात स्थिति में प्रशासन की मुस्तैदी और राहत-बचाव कार्यों की तैयारियों का परीक्षण करना है।
-1795149242987_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
22 नवंबर को लखीमपुर में व्यापक मॉक ड्रिल।
ब्लैकआउट और हवाई हमले की तैयारी का अभ्यास।
प्रशासनिक मुस्तैदी और राहत कार्यों का परीक्षण।
संवादसूत्र, लखीमपुर। आपात स्थिति में प्रशासन कितना मुस्तैद है और सुरक्षा एजेंसियां कितनी तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर सकती हैं, इसकी परीक्षा 22 नवंबर को होगी। जिले में ब्लैकआउट और एयर रेड (हवाई हमले की चेतावनी) को लेकर व्यापक माक ड्रिल आयोजित की जाएगी। शाम छह बजे मेमोरियल मैदान में प्रस्तावित इस अभ्यास में हवाई हमले की चेतावनी से लेकर अंधेरा करने, राहत-बचाव कार्य और घायलों को अस्पताल पहुंचाने तक की प्रक्रिया का अभ्यास होगा।
माक ड्रिल की तैयारियों को लेकर डीएम अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इसमें अधिकारियों को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। बैठक का संचालन एसडीएम एवं प्रभारी अधिकारी नागरिक सुरक्षा कोर तनवीर अहमद ने किया।
डीएम ने स्पष्ट किया कि यह अभ्यास किसी वास्तविक आपात स्थिति का संकेत नहीं, बल्कि संभावित संकट से निपटने की तैयारियों को परखने का माध्यम है। इसके जरिए सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित प्रतिक्रिया, संचार व्यवस्था, संसाधनों की उपलब्धता और विभागीय तालमेल की भी जांच होगी। साथ ही आमजन को ब्लैकआउट की प्रक्रिया और आपात स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
अभ्यास में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी, एसएसबी, पुलिस, सेना, अग्निशमन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें शामिल होंगी। इसके अलावा होमगार्ड, प्रांतीय रक्षक दल, एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र, भारत स्काउट एंड गाइड, आपदा मित्र और स्वयंसेवी संगठनों की सहभागिता रहेगी।
डीएम ने कहा कि ऐसे अभ्यास से व्यवस्था की कमियों को चिह्नित कर उन्हें दूर करने में मदद मिलेगी। आपात परिस्थितियों में जनहानि कम करने के लिए प्रशासनिक तत्परता के साथ आमजन की जागरूकता भी जरूरी है।