दुधवा टाइगर रिजर्व की व्यवस्थाओं होगा मूल्यांकन, लखीमपुर में बाघों की सुरक्षा और आवास को लेकर सर्वे शुरू
भारत सरकार की मैनेजमेंट इफेक्टिवनेस इवैल्यूएशन (एमईई) टीम ने दुधवा टाइगर रिजर्व का तीन दिवसीय मूल्यांकन शुरू किया है। यह टीम वन्यजीव संरक्षण, बाघों की सुरक्षा, प्राकृतिक आवास, जैव विविधता और पर्यटन सुविधाओं का आकलन कर रही है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
एमईई टीम ने दुधवा टाइगर रिजर्व का सर्वे शुरू किया।
बाघों की सुरक्षा, आवास और जैव विविधता का मूल्यांकन।
पर्यटन सुविधाओं और प्रबंधन का भी आकलन हो रहा।
संवाद सूत्र, लखीमपुर। भारत सरकार की मैनेजमेंट इफेक्टिवनेस इवैल्यूएशन (एमईई) टीम ने दुधवा टाइगर रिजर्व का सर्वे शुरू कर दिया है। टीम ने तीन दिवसीय दौरे की शुरुआत अभिलेखों व उपलब्ध सुविधाओं के निरीक्षण से की है। टीम तीन दिनों में दुधवा में वन्यजीव संरक्षण, सुरक्षा, प्राकृतिक आवास, वनस्पतियों, जैव विविधता और पर्यटन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से मूल्यांकन करेगी । टीम लीडर एके भारद्वाज की देखरेख में टीम कल ही यहां पहुंच गई थी। शुक्रवार को टीम ने सबसे पहले अभिलेखों का निरीक्षण किया। इसके बाद टीम जंगल भी गई और वहां पर भी सर्वे किया।
बाघों की सुरक्षा और प्राकृतिक आवास परख रही टीम
मूल्यांकन के दौरान बाघों के संरक्षण और उनकी सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों के साथ उनके प्राकृतिक आवास की स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। इसके अलावा जंगल की वनस्पतियों, जैव विविधता और अन्य वन्यजीवों के संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी सर्वे के दायरे में रखा गया है। टीम यह देख रही है कि वन्यजीवों के अनुकूल वातावरण बनाए रखने और उनकी सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयास कितने प्रभावी हैं।
पर्यटन सुविधाओं का भी हो रहा मूल्यांकन
दुधवा टाइगर रिजर्व में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं को भी टीम ने मूल्यांकन का हिस्सा बनाया है। पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाएं, पर्यटन प्रबंधन और वन्यजीवों के संरक्षण के बीच संतुलन समेत विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है। टीम कल दुधवा और किशनपुर में भ्रमण कर मौके पर व्यवस्थाओं को देखेगी।
यह भी पढ़ें- नेपाल की राह होगी आसान, बाराबंकी में 400 करोड़ से बनेंगे दो थ्री-लेन पुल, सेतु निर्माण के लिए सरयू में उतरीं मशीनें
दुधवा टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर एच. राजमोहन ने बताया कि भारत सरकार की मैनेजमेंट इफेक्टिवनेस इवैल्यूएशन टीम इस समय दुधवा के दौरे पर है। टीम ने आज दुधवा कायार्लय में अभिलेखों का निरीक्षण किया है। आगे दुधवा और किशनपुर में भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी करेगी। मूल्यांकन में वन्यजीव संरक्षण, सुरक्षा, प्राकृतिक आवास, जैव विविधता और पर्यटन समेत कई महत्वपूर्ण बिंदु शामिल हैं।