विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखीमपुर से शादी से लौट रही कार खड़े ट्रक में घुसी, बिहारी दंपती की मौत; बेटा-बेटी घायल

Published: Sat, 28 Nov 2026 12:49 PM (GMT+05:30)Updated: Sat, 28 Nov 2026 12:55 PM (GMT+05:30)

बहराइच में शादी से लौट रहे बिहार के दंपती की कार खड़े ट्रक से टकराने से मौत हो गई। इस भीषण हादसे में उनके दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए और अनाथ हो गए हैं।

News Article Hero Image

HighLights

  1. शादी से लौट रहे दंपती की बहराइच में मौत।

  2. तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक से टकराई, भीषण हादसा।

  3. दुर्घटना में दो बच्चे गंभीर घायल, माता-पिता खोए।

जागरण संवाददाता, बलरामपुर। लखीमपुर में शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा परिवार राष्ट्रीय राजमार्ग बहराइच स्थित देहात कोतवाली के कल्ला भट्ठा गांव के पास दुर्घटना का शिकार हो गया। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

कार में सवार बिहार पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया स्थित ठकुराई टोला निवासी 45 वर्षीय अखिलेश कुमार अविनाश एवं उनकी पत्नी 40 वर्षीय पत्नी पूनम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में सात वर्षीय बेटी निष्ठा और 14 वर्षीय पुत्र दिव्यांश गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायल बच्चों का इलाज जिला मेमोरियल अस्पताल में चल रहा है।

बताया जाता है कि अखिलेश कुमार अविनाशी अपनी पत्नी पूनम, बेटे दिव्यांश और बेटी निष्ठा के साथ लखीमपुर स्थित ससुराल में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शनिवार सुबह पूरा परिवार कार से वापस घर लौट रहा था। सुबह लगभग साढ़े नौ बजे उनकी कार बहराइच मार्ग स्थित कल्ला भट्ठा गांव के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई।

दुर्घटना होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मदद के लिए घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। दुर्घटना में कार सवार अखिलेश कुमार और उनकी पत्नी पूनम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल बेटे दिव्यांश और बेटी निष्ठा को पुलिस ने जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया।

घायल बच्ची निष्ठा ने बताया कि वह अपनी मौसी की शादी में शामिल होने के लिए नानी के घर गई थी। शादी 26 नवंबर को थी। शनिवार सुबह लगभग चार बजे वह अपने भाई और माता-पिता के साथ नानी के घर से निकली थी। इसके बाद क्या हुआ, उसे कुछ भी याद नहीं है। देहात कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक गिरिजेश तिवारी ने बताया कि मृतकों के स्वजन को सूचना दे दी गई है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हादसे में अनाथ हो गए बच्चे
मार्ग दुर्घटना ने दिव्यांश और निष्ठा के सिर से माता-पिता का साया छीन लिया है। हादसे के समय दोनों बच्चे गहरी नींद में सो रहे थे। उनकी आंख खुली तो दोनों अनाथ हो चुके थे। जिला मेमोरियल अस्पताल में भर्ती दोनों बच्चे अब बिहार से अपने स्वजन के आने की राह देख रहे हैं।

यह भी पढ़ें- बलरामपुर जिले के 9 जर्जर पंचायत भवनों को गिराकर नए सिरे से बनाएगा विभाग, मास्टर प्लान तैयार

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।