कुशीनगर में हांडी मटन की दुकान में फंदे से लटका मिला युवक का शव, जांच में जुटी फोरेंसिक टीम
दीपावली की रात सिंदुरिया के झनझनपुर चौराहे पर एक हांडी मटन की दुकान में 23 वर्षीय युवक निरंजन का शव ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
सिंदुरिया में 23 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला।
दीपावली की रात हांडी मटन की दुकान में घटना हुई।
मोबाइल विवाद को आत्महत्या का संभावित कारण बताया जा रहा है।
संवाद सूत्र, सिंदुरिया। दीपावली की रात झनझनपुर चौराहे पर स्थित हांडी मटन की दुकान में 23 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान निचलौल थाना क्षेत्र के कपरौली गांव निवासी निरंजन के रूप में हुई। वह सिंदुरिया थाना क्षेत्र के झनझनपुर चौराहे पर स्थित मद्धेशिया हांडी मटन की दुकान में काम करता था।
दीपावली पर दुकान मालिक के घर चले जाने के कारण वह दुकान पर अकेला रुका था। रात करीब दस बजे भोजन देने पहुंचे पड़ोसी ने जंगले से उसका शव फंदे से लटकता देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव नीचे उतारा।
निरंजन के पिता बिंदेश और माता पूनम देवी हैं। उसका छोटा भाई संदेश (18) है। घटना के बाद उनका रो रोकर बुरा हाल है। निरंजन दशहरा पर बाहर से कमाकर घर लौटा था। कोई काम नहीं होने के कारण वह गांव के ही कन्हैया मद्धेशिया की झनझनपुर चौराहे स्थित दुकान पर काम करने लगा था।
दुकान मालिक कन्हैया मद्धेशिया ने बताया कि दीपावली की रात दुकान के बगल में रहने वाला व्यक्ति निरंजन को पकौड़ी देने गया था। इस दौरान निरंजन ने बताया कि किसी ने उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया है, जिससे वह काफी परेशान है। इस पर उसे समझाते हुए थोड़ी देर बाद भोजन देने की बात कही गई।
रात करीब दस बजे जब पड़ोसी भोजन लेकर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने पर भी जवाब नहीं मिला। जंगले से झांकने पर निरंजन फंदे से लटका दिखाई दिया। इससे भयभीत पड़ोसी ने दुकान मालिक को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि निरंजन की मेघौली में शादी तय हुई थी। वह युवती से फोन पर बातचीत करता था। घटना की रात बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद होने की चर्चा है। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर बिस्तर की चादर से बने फंदे से युवक को नीचे उतारा। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्र किए। सिंदुरिया थानाध्यक्ष अनूप तिवारी ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।