बॉक्सिंग चैंपियन आयुषी प्रजापति बनीं उत्तर प्रदेश पुलिस में दारोगा, कुशीनगर का नाम किया रोशन
हाटा, कुशीनगर की बॉक्सर आयुषी प्रजापति ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने के बाद अब उत्तर प्रदेश पुलिस ...और पढ़ें

आयुषी प्रजापति को सीएम योगी ने सौंपा नियुक्ति पत्र। जागरण
HighLights
आयुषी प्रजापति कुशीनगर की बॉक्सर, बनीं यूपी पुलिस उपनिरीक्षक।
राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जीते कई बॉक्सिंग पदक।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सौंपा नियुक्ति पत्र 8 अक्टूबर 2026 को।
जागरण संवाददाता, हाटा, (कुशीनगर)। हौसले बुलंद हों तो मेहनत की राह में मौसम की मार भी बाधा नहीं बनती। हाटा की आयुषी प्रजापति ने महज 10 वर्ष की उम्र में बॉक्सिंग सीखने का सपना देखा और उसे पूरा करने के लिए दिन-रात एक कर दिया। रिंग में मुक्कों के दम पर राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पदक जीतने वाली आयुषी अब उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (दारोगा) के पद पर चयनित हुई हैं। आठ अक्टूबर 2026 को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा।
हाटा के वार्ड नंबर 25 इंदिरा नगर निवासी संतोष कुमार प्रजापति और सुनीता देवी की पुत्री आयुषी की खेल यात्रा वर्ष 2012 में शुरू हुई। आरके बॉक्सिंग क्लब एवं स्पोर्ट्स अकादमी, हाटा के कोच राजेश कुमार गुप्ता बताते हैं कि उस समय 10 वर्ष की आयुषी उनके पास आईं और कहा, 'सर, मुझे बॉक्सिंग करनी है।' उनकी लगन देखकर कोच ने प्रशिक्षण देना शुरू किया। इसके बाद आयुषी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
वर्ष 2014 में झांसी के मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में जूनियर महिला राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पहली बार हिस्सा लिया और स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वर्ष 2015 में वाराणसी के संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम और 2016 में प्रयागराज के पंडित मदन मोहन मालवीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में भी स्वर्ण पदक हासिल किया। वर्ष 2017 में मेरठ के कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के बाद उसी वर्ष रोहतक, हरियाणा में आयोजित प्रथम जूनियर नेशनल चैंपियनशिप में कांस्य पदक हासिल किया।
आयुषी की सफलता का सिलसिला आगे भी जारी रहा। वर्ष 2018 में उत्तराखंड में आयोजित तृतीय यूथ महिला नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता। वर्ष 2022 में हिसार, हरियाणा में सीनियर महिला नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। वर्ष 2023 में भोपाल, मध्य प्रदेश में आयोजित इंडियन नेशनल महिला बॉक्सिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक हासिल किया।

वर्ष 2024 में 37वें राष्ट्रीय खेलों के लिए चयनित होने के बाद गोवा में आयोजित प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ा। वर्ष 2025 में नोएडा में आयोजित सीनियर महिला नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भी प्रतिभाग किया।
खेल के साथ करियर को भी आगे बढ़ाते हुए आयुषी ने वर्ष 2025 में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में कांस्टेबल के पद पर नौकरी ज्वाइन की। इसके बाद उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक पद पर चयनित होकर उन्होंने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। आठ अक्टूबर को मुख्यमंत्री से नियुक्ति पत्र मिलने के बाद उनकी वर्षों की मेहनत को नई पहचान मिली।
यह भी पढ़ें- कुशीनगर में अब गांवों तक पहुंचेगी रोडवेज बसें, शहर-गांव की दूरी होगी कम
आयुषी के पिता संतोष कुमार प्रजापति सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में स्वास्थ्यकर्मी हैं, जबकि माता सुनीता देवी गृहिणी हैं। उनके भाई आलोक नाथ भी राष्ट्रीय स्तर के बॉक्सर हैं। उनकी बहन एमबीबीएस की तैयारी कर रही हैं। परिवार में खेल और शिक्षा के प्रति लगाव ने आयुषी को आगे बढ़ने का हौसला दिया।
कोच राजेश कुमार गुप्ता कहते हैं कि आयुषी ने अभ्यास के दौरान न ठंड की परवाह की, न गर्मी की और न ही बरसात की। लगातार मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया। आरके बॉक्सिंग क्लब एवं स्पोर्ट्स अकादमी, सेलिब्रेशन लॉन, हाटा के कोच ने आयुषी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
