विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आजादी के बाद से ही पक्की सड़क की राह देख रहा कुशीनगर के गांव का टोला, चारपाई पर प्रसूता और ट्रैक्टर पर अस्पताल पहुंचते हैं मरीज

Published: Wed, 07 Oct 2026 11:13 PM (IST)

कुशीनगर के नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक स्थित हरदीछपरा टोला में सड़क के अभाव में ग्रामीण विकास से वंचित हैं। बरसात में ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. सड़क के अभाव में हरदीछपरा टोला विकास से वंचित।

  2. बरसात में प्रसूताओं को चारपाई पर अस्पताल ले जाना पड़ता है।

  3. तीन साल से खराब हैंडपंप की मरम्मत का इंतजार।

संवाद सूत्र, नेबुआ नौरंगिया। ब्लॉक के सिरसिया कला गांव के हरदीछपरा टोला के लोग सड़क के अभाव में विकास की मुख्यधारा से नहीं जुड़ सके हैं। ब्लाक मुख्यालय से मात्र चार किलोमीटर दूर स्थित 30 घरों वाले इस टोले के लोगों के आने-जाने के लिए नहर की कच्ची पटरी ही एकमात्र सहारा है। बरसात में रास्ते पर पानी और कीचड़ भर जाता है। उस समय प्रसूताओं को चारपाई और रोगियों को ट्रैक्टर के सहारे अस्पताल ले जाया जाता है। विकास के दावे पर यहां के लोग सवाल खड़ा कर रहे हैं।

हरदी छपरा टोला के लोगों को सबसे अधिक परेशानी बरसात में होती है। सड़क के अभाव में प्रसव पीड़ा से कराहती महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए स्वजन चारपाई का सहारा लेते हैं। अन्य रोगियों को ट्रैक्टर पर बिठाकर ले जाया जाता है। लगभग एक किलोमीटर कच्चे रास्ते से गुजर कर जब सड़क तक पहुंचते हैं तो एंबुलेंस की सुविधा मिल पाती है। वर्षा होने पर रास्ते पर कहीं एक तो कहीं डेढ़ फुट तक पानी भर जाता है।

ऐसे में रोगियों को आबादी से सुरक्षित सड़क तक पहुंचाना चुनौती से कम नहीं रहता है। बुनेला, शंभू, रामअसरे, छोटेलाल, रामदरश, नगीना, रामअवध, धर्मेंद्र, सुरेश, फुलेना, लालमन, शिवपूजन, पिंटू, विनय, श्रीराम, ध्रुव, सुनील, हरेंद्र, राजन, राजकुमार, संजय, अजय आदि ने बताया कि सड़क के अभाव में बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी होती है। रोजमर्रा का सामान लाने के लिए कीचड़ भरे रास्ते से लोगों को बाजार जाना पड़ता है। यहां लगा इंडिया मार्क टू हैंडपंप तीन वर्षों से खराब है। उसका ऊपरी हिस्सा गायब हो चुका है।

आइजीआरएस के माध्यम से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समाधान नहीं हो सका है। ग्राम प्रधान/प्रशासक शेषकांत सिंह ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है। शीघ्र ही हैंडपंप की मरम्मत भी कराई जाएगी। बीडीओ मनोज शर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। एडीओ पंचायत व सचिव को भेजकर समस्याओं की जानकारी ली जाएगी, समाधान भी कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें- कुशीनगर में पत्नी को बुलाने के लिए किया विवाद, फिर फंदे से लटक दी जान