विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुशीनगर में दो तेंदुओं के विचरण से दहशत, एक पेड़ पर व दूसरा दिखा नीचे

Published: Thu, 29 Oct 2026 01:57 PM (IST)

कुशीनगर के जड़हा गांव के सरेह में दो तेंदुओं के दिखने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है, जो पिछले ...और पढ़ें

विभागीय टीम कर रही कांबिंग। जागरण

विभागीय टीम कर रही कांबिंग। जागरण

HighLights

  1. कुशीनगर के जड़हा गांव में दो तेंदुए देखे गए।

  2. तेंदुओं के विचरण से ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल।

  3. वन विभाग ने तलाश तेज की, पिंजरा लगाने की तैयारी।

संवाद सूत्र, नेबुआ नौरंगिया, (कुशीनगर)। विशुनपुरा ब्लाक के जड़हा गांव के सरेह में दो तेंदुओं के दिखाई देने से ग्रामीण दहशत में हैं। पिछले चार दिनों से दोनों तेंदुए सरेह में विचरण कर रहे हैं। कभी सड़क तो कभी बगीचे में उनके दिखाई देने से लोगों में भय व्याप्त है। वन विभाग की ओर से तेंदुओं की मौजूदगी की पुष्टि करते हुए उनकी तलाश तेज कर दी है। ग्रामीणों संग विभागीय टीम कांबिंग कर रही है। पिंजरा लगाने की तैयारी चल रही है।

बताया जा रहा कि शनिवार की सुबह ढोरही के सरेह में सरकारी फार्म के समीप चकरोड पर बच्चों ने तेंदुए को देखा था। गांव पहुंच उन्होंने शोर मचाया तो वन विभाग को सूचना दी गई। विभागीय टीम ने छानबीन की, लेकिन उस समय तेंदुओं का कोई सुराग नहीं मिल सका था। मंगलवार रात जड़हा टोला के समीप नहर के किनारे स्थित सच्चिदानंद के बगीचे में ग्रामीणों ने दो तेंदुओं को देखा।

उनमें से एक आम के पेड़ पर बैठा था, जबकि दूसरा नीचे विचरण कर रहा था। पडरौना वन रेंजर अशोक यादव, वनरक्षक संदीप पटेल व नेबुआ नौरंगिया थाने के प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने तेंदुओं को घेरने का प्रयास किया, लेकिन दोनों झाड़ियों में जाकर छिप गए।

यह भी पढ़ें- जनसुराज के कम्यूनिकेशन मैनेजर को ट्रेन से धक्का देकर मारा, देवपालिक के दोस्त हिरासत में; भाई का सनसनीखेज आरोप

रात में दो बजे तक तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन तेंदुओं का पता नहीं चल सका। बुधवार को जड़हां, बरवा, बेलवा, कुकुरहां समेत आसपास के गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया गया। लोगों को अकेले सरेह में नहीं जाने और छोटे बच्चों पर विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी गई।

क्षेत्र में गन्ने के अधिक खेत होने के कारण तेंदुओं को तलाशने में परेशानी हो रही है। कई जगह उनके पदचिह्न मिले हैं। रेंजर ने बताया कि क्षेत्र में दो तेंदुए देखे गए हैं। टीम लगातार कांबिंग कर रही है, शीघ्र पिंजरा लगाया जाएगा।

यह भी पढ़ें- कुशीनगर में बीच सड़क धूं-धूं कर जला गेहूं से भरा ट्रक, केबिन बनी आग का गोला