चीखता रहा 16 साल का किशोर, कसती गई अजगर की पकड़... कुशीनगर में दिल दहला देने वाली घटना
कुशीनगर में मछली पकड़ने गए 16 वर्षीय किशोर किशन की अजगर के हमले से मौत हो गई। अजगर ने उसे ...और पढ़ें

किशन की फाइल फोटो।
HighLights
16 वर्षीय किशन मछली पकड़ने नहर गया था।
अजगर ने हमला कर उसे बुरी तरह जकड़ लिया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किशोर को मृत घोषित किया।
संवाद सूत्र, टेकुआटार, (कुशीनगर)। नहर की पटरी... आसपास घनी नरकट और झाड़ियां। पानी में मछलियां थीं और उन्हें पकड़ने के लिए रामकोला के बड़वाछापर निवासी 16 वर्षीय किशन नहर में पहुंचा था। उसे क्या पता था कि झाड़ियों के बीच छिपा बैठा अजगर उसकी जान का इंतजार कर रहा है। गुरुवार को अचानक अजगर ने एस पर हमला कर दिया। देखते ही देखते उसके शरीर को जकड़ लिया और वह उसमें तड़पता रह गया।
ग्रामीणों के अनुसार किशन ने खुद को छुड़ाने के लिए पूरी ताकत लगाई, लेकिन अजगर की पकड़ लगातार कसती गई। सुनसान जगह पर किशोर की चीख-पुकार सुनकर राहगीरों की नजर पड़ी तो वे दौड़कर मौके पर पहुंचे। डंडों से अजगर को पीटकर किसी तरह किशन को उसके चंगुल से मुक्त कराया, तब तक वह बेहोश हो चुका था। अजगर झाड़ियों में भाग गया।
आनन-फानन पिता अनिरुद्ध किशन को लेकर रामकोला सीएचसी पहुंचे। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कालेज अस्पताल, रवींद्र नगर धूस रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें- 16 साल की रागिनी का बड़ा कारनामा, कुशीनगर के तीन यूथ क्लबों से जुड़े 150 से अधिक ग्रामीण युवा
डीएफओ वरुण सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीम मौके पर भेजी गई है। कांबिंग कर अजगर की तलाश कर रही है। अजगर पाइथन प्रजाति का बताया जा रहा है। यह प्रजाति शिकार को जकड़कर दबाने के लिए जानी जाती है।
