16 साल की रागिनी का बड़ा कारनामा, कुशीनगर के तीन यूथ क्लबों से जुड़े 150 से अधिक ग्रामीण युवा
16 वर्षीय रागिनी राज्यलक्ष्मी सिंह ने ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों के युवाओं को सशक्त बनाने के लिए पडरौना में 'सिटिजन-वाई' की शुरुआत की है।

HighLights
16 वर्षीय रागिनी ने ग्रामीण युवाओं के लिए 'सिटिजन-वाई' शुरू किया।
तीन यूथ क्लबों से 150 से अधिक युवा जुड़े, उठा रहे मुद्दे।
युवाओं के कौशल विकास और लैंगिक असमानता पर हो रही चर्चा।
जागरण संवाददाता, पडरौना। एनसीआर के द श्री राम स्कूल में 11वीं की छात्रा 16 वर्षीय रागिनी राज्यलक्ष्मी सिंह ने सितंबर 2025 में पडरौना से ‘सिटिजन-वाई (CitznY)’ की शुरुआत की। उद्देश्य था ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों के युवाओं को ऐसा मंच देना, जहां वे अपने समुदाय से जुड़े मुद्दों को उठाकर समाधान के लिए आवाज बुलंद कर सकें।
हनुमान इंटर कालेज से शुरू हुई यह मुहिम अब तीन यूथ क्लबों तक पहुंच चुकी है। इनमें 16 से 18 वर्ष की उम्र के 150 से अधिक युवा जुड़े हैं। क्लबों में पुस्तकालय, युवाओं के कौशल विकास और लैंगिक असमानता जैसे मुद्दों पर चर्चा कर उन्हें प्रशासन और नीति-निर्माताओं तक पहुंचाने की रणनीति बनाई जा रही है।
इन मुद्दों को उठाया
आराधना, खुशी, आस्था राव, शुभम गिरी, अभिजित, अक्षरा सोनी, आलिया, श्रेया, अंकिता पटेल और शिवानी पाण्डेय समेत युवाओं ने इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है।
अब रागिनी सिटिजन-वाई ऐप तैयार कर रही हैं। इसके जरिए युवा सीधे सवाल पूछ सकेंगे, जवाबदेही तय कर सकेंगे और अपने क्षेत्र में हो रहे बदलावों की जानकारी ले सकेंगे। उनका अगला लक्ष्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर युवाओं की समस्याओं पर चर्चा करना है।
यह भी पढ़ें- त्योहारों से पहले यात्रियों को बड़ी सौगात, 3 माह तक रायबरेली के ग्रामीण इलाकों से दिल्ली के लिए मिलेगी बस सेवा
हनुमान इंटर कालेज के प्रधानाचार्य शैलेन्द्र दत्त शुक्ला ने कहा कि सिटिजन-वाई ने युवाओं को अपनी बात रखने का सशक्त मंच दिया है। इससे उनमें जागरूक और सक्रिय नागरिक बनने की भावना विकसित हो रही है।
