विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

त्योहारों से पहले यात्रियों को बड़ी सौगात, 3 माह तक रायबरेली के ग्रामीण इलाकों से दिल्ली के लिए मिलेगी बस सेवा

Published: Thu, 01 Oct 2026 05:58 PM (IST)

रायबरेली से दिल्ली और अन्य प्रमुख शहरों के लिए अक्टूबर से दिसंबर तक नई बस सेवाएं शुरू की गई हैं। ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. अक्टूबर से दिसंबर तक नई बस सेवाओं का संचालन।

  2. रायबरेली के ग्रामीण क्षेत्रों से दिल्ली तक सीधी कनेक्टिविटी।

  3. त्योहारों के दौरान यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा।

जागरण संवाददाता, रायबरेली। त्योहारों के दौरान यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा देने के लिए अक्टूबर से दिसंबर तक का रूट चार्ट तैयार किया गया है। नवरात्र, दशहरा, दीपावली और कार्तिक पूर्णिमा समेत अन्य पर्वों को देखते हुए बसों का रूट निर्धारित किया गया है। तीन माह तक ग्रामीण क्षेत्रों से सीधे दिल्ली के लिए बसें चलेंगी। इनमें कई रूट नए भी शामिल किए गए हैं। इससे त्योहार के समय यात्रियों को आवागमन में परेशानी न हो।

तैयार किए गए मार्ग चार्ट में गंगा कटरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण अंचल के गांवों को प्रमुख शहरों से जोड़ने पर जोर दिया गया है। यात्रियों के लिए चंदापुर, ऊंचाहार, जगदीशपुर, डलमऊ, हैदरगढ़, इन्हौना समेत अन्य मार्ग से बसों का संचालन कौशांबी (दिल्ली) तक किया जाएगा।

इसके अलावा सलोन, रामपुर, बैंती, महराजगंज, सेमरौता, जगतपुर, शिव नगर, बरारा, शिवगढ़, परशदेपुर, धीरनपुर, धरई, विशुनदासपुर, भीरा, भोजपुर, धानी खेड़ा, सरेनी, धई, शिव नगर, अमावां, नसीराबाद, डीह, कोंसा, खीरों समेत 35 से अधिक ग्रामीणांचल के गांवों को जोड़कर लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज और अयोध्या समेत अन्य प्रमुख मार्गों पर भी बसों का संचालन किया जाएगा।

किन मार्गों को किया गया शामिल?

त्योहारों के दौरान महानगरों और दूसरे जिलों में रहने वाले लोग बड़ी संख्या में अपने घर लौटते हैं। ऐसे में बसों में भीड़ बढ़ने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों से जिला मुख्यालय और प्रमुख शहरों तक पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या भी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए मार्ग चार्ट में ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाले मार्गों को भी शामिल किया गया है।

क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन का कहना है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या और आवश्यकता के अनुसार बसों के फेरे बढ़ाए जा सकते हैं। प्रमुख मार्गों पर बसों की उपलब्धता बनाए रखने के साथ यात्रियों को समय से गंतव्य तक पहुंचाने पर जोर रहेगा।

यह भी पढ़ें- रायबरेली के डिग्री कॉलेज चौराहे पर नगर पालिका का छापा, फुटपाथ पर दुकानें लगाने वालों पर कार्रवाई

अक्टूबर से दिसंबर तक तैयार किए गए इस चार्ट से त्योहारों के दौरान परिवहन व्यवस्था को सुचारु रखने और ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी देने की तैयारी की गई है।