कुशीनगर के सुधियानी रेलवे ढाला पर 76.41 करोड़ से बनेगा फ्लाईओवर, जाम से मिलेगी मुक्ति
कप्तानगंज-बोदरवार मार्ग पर स्थित सुधियानी रेलवे ढाला पर फ्लाईओवर निर्माण के लिए रेल मंत्रालय ने 76.41 करोड़ रुपये स्वीकृत किए ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
सुधियानी रेलवे ढाला पर फ्लाईओवर निर्माण को मंजूरी मिली।
रेल मंत्रालय ने 76.41 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की।
जाम की समस्या से निजात, आवागमन होगा सुगम।
संवाद सूत्र, बोदरवार, कुशीनगर। कप्तानगंज-बोदवार मार्ग पर स्थित सुधियानी रेलवे ढाला पर फ्लाईओवर के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। रेल मंत्रालय ने यहां फ्लाईओवर निर्माण के लिए 76.41 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिया है। निर्माण पूरा होने के बाद इस मार्ग पर प्रतिदिन लगने वाले जाम की समस्या से निजात मिलेगी तो आवागमन सुलभ हो जाएगा।
सांसद विजय कुमार दूबे ने बताया कि पनियहवा-गोरखपुर रूट के कप्तानगंज जंक्शन के आगे सुधियानी ढाला स्थित है। यह कप्तानगंज-गोरखपुर मार्ग से जुड़ा है। इस रास्ते महराजगंज व कुशीनगर जनपद के अलावा बिहार के लोग भी आते-जाते हैं। दिन भर बड़े वाहनों का आवागमन होता रहता है।
ट्रेनों के आने-जाने के दौरान रेलवे ढाला का फाटक बंद कर दिया जाता है। इस रूट से थावे व नरकटियागंज से आने वाली ट्रेनों के अलावा मालगाड़ियां भी गुजरती हैं। इसलिए दिन में कई बार ढाला बंद होता है। उस दौरान मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग जाती है।
राहगीरों और वाहन चालकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है। समस्या से निजात दिलाने के लिए क्षेत्र के लोग लंबे समय से मांग कर रहे थे। जनहित से जुड़े इस मुद्दे को शासन स्तर पर उठाने के अलावा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिलकर यहां फ्लाईओवर निर्माण कराने की मांग की थी।
यह भी पढ़ें- 'अधिकारों के प्रति जागरूक हो समाज, तभी मिलेगा हक', कार्यकर्ता सम्मेलन में पल्लवी पटेल ने दिया बयान
इस परियोजना के लिए 76.41 करोड़ रूपये स्वीकृत हो गए हैं। शीघ्र ही कप्तानगंज क्षेत्र के लोगों का सपना पूरा होगा। इस उपलब्धि पर विरेंद्र गुप्ता, राजकमल मद्धेशिया, राजेश साहनी, शिवांश गिरी, हरि प्रसाद चौधरी, नरेंद्र यादव, आरएम त्रिपाठी, चंदन यादव आदि ने प्रसन्नता जताई है।
