विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुशीनगर में टूटे रेलवे ट्रैक से टला बड़ा रेल हादसा, घंटों बाधित रहा आवागमन

By Ajay Kumar ShuklaEdited By: Vivek Shukla
Published: Sat, 26 Sep 2026 03:10 PM (IST)

कुशीनगर में कप्तानगंज-थावे रेलमार्ग पर दुदही स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक टूटने से हड़कंप मच गया, लेकिन गेटमैन और स्टेशन ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. दुदही स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक टूटने से हड़कंप मचा।

  2. गेटमैन व स्टेशन अधीक्षक की तत्परता से बड़ा हादसा टला।

  3. तीन यात्री ट्रेनें घंटों रुकी रहीं, यात्रियों को हुई परेशानी।

जागरण संवाददाता, कुशीनगर। कप्तानगंज-थावे रेलमार्ग पर शुक्रवार की रात दुदही रेलवे स्टेशन के पूर्वी गेट संख्या 46 सी के पास रेलवे ट्रैक टूटने की सूचना से हड़कंप मच गया। गेटमैन और स्टेशन अधीक्षक की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। ट्रैक टूटने के कारण थावे से गोरखपुर जाने वाली सवारी गाड़ियां विभिन्न स्टेशनों पर घंटों खड़ी रहीं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

गेटमैन मुकेश यादव ने शाम 6:30 बजे रेलवे ट्रैक टूटने की सूचना स्टेशन अधीक्षक मनमोहन कुमार को दी। स्टेशन अधीक्षक ने पीडब्ल्यूआई प्रमोद भास्कर और कंट्रोल को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पीडब्ल्यूआई ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया और भारी वर्षा के बीच रात करीब 8:30 बजे दुदही पहुंचकर ट्रैक बदलने का कार्य शुरू कराया।

रात 10:30 बजे ट्रैक ठीक होने के बाद पीडब्ल्यूआई ने स्टेशन अधीक्षक को सूचना दी। इसके बाद स्टेशन अधीक्षक ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया और रेल आवागमन शुरू हुआ। इस दौरान 55035 अप सवारी गाड़ी तमकुहीरोड स्टेशन पर शाम 7:23 से रात 10:36 बजे तक 193 मिनट, 15079 अप सवारी गाड़ी तरयासुजान स्टेशन पर रात 9:14 से 10:40 बजे तक 86 मिनट तथा 15114 अप सवारी गाड़ी जलालपुर स्टेशन पर रात 10:21 से 10:45 बजे तक 24 मिनट रुकी रही।

यह भी पढ़ें- कुशीनगर में 47 करोड़ की लागत से बनेगा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, निर्माण के लिए पांच एकड़ भूमि चिह्नित

स्टेशन अधीक्षक मनमोहन कुमार ने बताया कि टूटे ट्रैक को रात 10:30 बजे ठीक कर रेल संचालन शुरू करा दिया गया था। शेष कार्य शनिवार को पूरा कर लिया गया है।

यह भी पढ़ें- कुशीनगर में गंडक नदी की बाढ़ का खतरा, नेपाल में भारी बारिश से हाई अलर्ट