विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुशीनगर में सात वर्षीय बच्चे से कुकर्म-हत्या मामले में दोषी को फांसी की सजा

Published: Thu, 26 Mar 2026 01:53 PM (GMT+05:30)

कुशीनगर की विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट अदालत ने सात वर्षीय बच्चे से कुकर्म और हत्या के मामले में पिंटू उर्फ कोयल को फांसी की सजा सुनाई है। इस जघन्य अपराध को दुर्लभतम श्रेणी का मानते हुए 3.25 लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया।  

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. सात वर्षीय बच्चे से कुकर्म-हत्या मामले में फांसी की सजा।

  2. आरोपी पिंटू उर्फ कोयल पर 3.25 लाख रुपये जुर्माना।

  3. डीएनए रिपोर्ट छह दिन में, 13 दिन में आया फैसला।

जागरण संवाददाता, पडरौना, (कुशीनगर)। विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट एवं अपर सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार की अदालत ने सात वर्षीय बच्चे के साथ कुकर्म के मामले में आरोपित पिंटू उर्फ काेयल को फांसी की सजा सुनाई है। न्यायालय ने इस अपराध को दुर्लभतम श्रेणी में रखते हुए कहा कि ऐसे जघन्य कृत्य समाज को झकझोर देने वाले हैं। इन पर कठोरतम दंड ही न्यायोचित है। अभियुक्त पर 3.25 लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया।

22 फरवरी की रात जटहाबाजार क्षेत्र में सात वर्षीय बालक गांव में आयोजित तिलक में गया तो घर नहीं लौटा। पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर तलाश कर रही थी कि सुबह 11 बजे गांव के बाहर धार्मिक स्थान से सटे बखार में उसका शव मिला। पोस्टमार्टम में कुकर्म की पुष्टि हुई।

धारा की बढ़ोतरी कर पुलिस ने जांच शुरू की। उधर घटना की रात से ही बालक का चचेरा चाचा पिंटू उर्फ काेयल घर से फरार था। शक होने पर पुलिस ने बीते 25 फरवरी को चिरगोड़ा मार्ग पर पुलिया के समीप उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया। बताया कि घटना की जानकारी किसी को न हो इसलिए बालक के मुंह पर कपड़ा रख उसकी हत्या कर दी।

मेडिकल रिपोर्ट, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चार्जशीट दाखिल की। सुनवाई के दौरान साक्ष्यों के आधार पर अपराध सिद्ध हुआ। फैसला सुनाते हुए विद्वान न्यायाधीश ने कहा कि मासूम बच्चों के साथ इस तरह के अपराध मानवता के विरुद्ध है। ऐसे अपराधियों के प्रति किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जा सकती।

यह भी पढ़ें- कुशीनगर में पुलिस-गांजा तस्कर गठजोड़ का पर्दाफाश, चार सिपाही निलंबित; आठ तस्करों पर FIR

गौरतलब यह रहा कि, मामले की कोर्ट की ओर से नियमित सुनवाई करते हुए 13 वें दिन सजा सुना दी। अभियोजन की ओर से डीजीसी क्रिमिनल जीपी यादव, एसपीपी सुनील मिश्र व संजय तिवारी ने पक्ष रखा। विशेष शासकीय अधिवक्ता पाक्सो एक्ट फूलबदन व अजय गुप्त ने सहयोग किया।

पहल कर छह दिनों में मंगाई गई डीएनए की रिपोर्ट
पुलिस ने डीएनए टेस्ट के लिए आरोपित के खून लगे कपड़े, कंडोम पर लगे बायोलाजिकल द्रव्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला गोरखपुर भेजा। एक हजार से अधिक मामलों के लंबित होने के कारण जांच रिपोर्ट मिलने में छह माह लगने की बात कही गई। इस पर एसपी केशव कुमार ने प्रयोगशाला निदेशक से बात कर घटना की गंभीरता बताई। छह दिनों में ही डीएनए रिपोर्ट मिल गई, जो सजा का बड़ा आधार बनी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।