कुशीनगर में पुलिस-गांजा तस्कर गठजोड़ का पर्दाफाश, चार सिपाही निलंबित; आठ तस्करों पर FIR
कुशीनगर में एक फर्जी लूट की जांच से पुलिस और गांजा तस्करों के बीच गठजोड़ का खुलासा हुआ है। ओडिशा से गांजा लाकर बिहार, गोरखपुर, कुशीनगर आदि में बेचने वाले गिरोह में चार सिपाही शामिल थे।

पश्चिमी चंपारण के रूपही टाड का मनोज बिंद है इस गांजा तस्करी गिरोह का सरगना। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
फर्जी लूट की जांच में पुलिस-गांजा तस्कर गठजोड़ उजागर।
ओडिशा से गांजा लाकर बेचने में चार सिपाही शामिल।
दो सिपाही गिरफ्तार, 21.1 किलो गांजा बरामद।
जागरण संवाददाता, कुशीनगर। लूट की घटना के पर्दाफाश में लगी पुलिस टीम की जांच में पुलिस और गांजा तस्करों के गठजोड़ का चौंकाने वाला ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस की साख पर भी सवाल खड़ा किया है। लूट की घटना फर्जी निकली तो जांच में यह बात सामने आई कि पुलिस लाइन में तैनात चार सिपाही तस्करों के साथ मिलकर गांजा तस्करी करते थे।
इनके द्वारा ओडिसा से गांजा लाया जाता था। बिहार के पश्चिमी चंपारण के भितहा थाने के गांव रूपही टाड का रहने वाला गिरोह का सरगना मनोज बिंद अपने नेटवर्क के जरिये गांजा की यह खेप बिहार के विभिन्न शहरों सहित गोरखपुर, कुशीनगर, मऊ आदि जनपदों में भेजता था। बुधवार को इस मामले का पर्दाफाश करते हुए पुलिस टीम ने आरोपित दो सिपाहियों सूरज गिरी उर्फ बाबा व नितेश यादव, सुंदर लाल निषाद, सुरेश यादव को गिरफ्तार कर लिया।
अन्य की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं। 21.1 किलोग्राम गांजा, 72,000 रुपये नकद, तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी बरामद हुई है। मामला सामने आते ही एसपी केशव कुमार ने आरोपित चारों सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए बर्खास्तगी की कार्रवाई को पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखा है।
बीते 20 मार्च को विशुनपुरा थाने के गांव नौगांवा के टोला खैरा निवासी सुंदर लाल निषाद ने डायल 112 पर तीन लाख पांच हजार रुपये लूट की सूचना दी। मुकदमा दर्ज कर जब जांच शुरू की गई तो लूट की घटना तो फर्जी निकली ही पूछताछ और तकनीकी जांच में सुंदर लाल के मोबाइल से गांजे की तस्करी से जुड़ी भारी मात्रा में तस्वीरें और साक्ष्य मिले।
एसपी केशव कुमार ने बताया कि पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का सदस्य है। मनोज बिंद इसका सरगना है। गिरोह के सबसे चौंकाने वाले किरदार पुलिस लाइन के चार सिपाही सूरज गिरी उर्फ बाबा, विनोद गुप्ता, जितेंद्र पाल, नितेश यादव निकले। ये पुलिस की वर्दी और निजी वाहनों से गांजे की खेप को पहुंचाते थे।
यह भी पढ़ें- दुष्कर्म कर किशोरी की हत्या मामले में दोषी को कठोर कारावास की सजा, देना होगा 4.25 लाख जुर्माना
जांच में यह बात सामने आई कि, बीते 16 मार्च को इन सिपाहियों द्वारा ओडिसा से 2.5 क्विंटल गांजा लाया गया। बरामद 21.1 किलोग्राम गांजे को छोड़ सारा गांजा बेच दिया गया, पैसों को बांट भी लिया गया। बंटवारे को लेकर विवाद हुआ तो सुंदर लाल ने शेष बचे तीन लाख पांच हजार रुपये को लेकर गिरोह के अन्य सदस्यों सुरेश यादव उर्फ सुनील यादव निवासी मंगलपुर टोला मनयिता, थाना गुलरिहा, रणजीत यादव उर्फ राहुल, निवासी रावतगंज थाना कैंपियरगंज, पंकज पासवान निवासी जिंदापुर पीपीगंज, दीपू भारती निवासी जंगल कौडिया, थाना पीपीगंज, धीरज निवासी राहुखोर थानस कैंपियरगंज गोरखपुर व रत्नेश राय निवासी बीबीपुर, दोहरीघाट मऊ के साथ मिलकर लूट की फर्जी कहानी रची, ताकि सिपाहियों को हिस्सा न देना पड़े।
यह भी बताया कि चारों सिपाही 14 महीनों से इस धंधे में हमारे साथ शामिल हैं। पहले ये छोटे तस्करों को पकड़ कर उनसे गांजा छीन लेते थे और बाद में उसको अपने नेटवर्क के जरिये बाजार में ऊंचे दामों पर बिकवाते थे। एसपी ने बताया कि, चार सिपाहियों व जांच में सामने आए सभी आठ तस्करों समेत 12 के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार दो आरोपित सिपाहियों, मुख्य सरगना मनोज व अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। शीघ्र ही उनको भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
धनीवीर सिंह, थाना प्रभारी रामकोला, दीपक सिंह थाना प्रभारी कप्तानगंज, एसओजी प्रभारी स्वतंत्र सिंह व अन्य शामिल रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।