विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुशीनगर में समर शेड्यूल 2026 जारी, उड़ान का पता नहीं

Published: Thu, 26 Mar 2026 02:16 PM (IST)

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने समर शिड्यूल 2026 जारी किया है, जो 29 मार्च से 24 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगा। इसमें कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से किसी भी उड़ान को जगह नहीं मिली है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटन क्षेत्र में निराशा है।  

कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट

कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट 

HighLights

  1. डीजीसीए ने समर शिड्यूल 2026 जारी किया।

  2. कुशीनगर एयरपोर्ट को उड़ानें नहीं मिलीं।

  3. एयर इंडिया एक्सप्रेस का प्रस्ताव खारिज हुआ।

जागरण संवाददाता, कसया, (कुशीनगर)। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने देश भर में घरेलू उड़ानों के लिए समर शिड्यूल 2026 जारी कर दिया है। नई समय सारणी 29 मार्च से शुरू होकर 24 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगी। किंतु नई समय सारणी में कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से किसी रूट पर उड़ान और रूट को जगह नहीं मिली है।

उड़ान की आस लगाए लोगों को निराशा मिली है। इस एयरपोर्ट से विमान सेवा प्रदाता कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस ने समर शिड्यूल में बैंकाक-वाराणसी-कुशीनगर-दिल्ली उड़ान का प्रस्ताव दिया था। विमानन कंपनी की चार सदस्यीय टीम सेफ्टी एंड आपरेशनल, फिजीबिलिटी स्टडी के दो बार दौरे पर आई।

तकनीकी टीम व मार्केटिंग टीम सहित अन्य टीमों ने एयरपोर्ट का अलग दौरा कर रिपोर्ट प्रबंधन को सौंपी थी। सहमति बनने के बाद टर्मिनल बिल्डिंग पर कंपनी को टिकट विंडो, आफिस सहित अन्य आपरेशनल सुविधाएं भी अलाट कर दी गई। उड़ान की समय सारणी लैंडिंग के समय को लेकर पेंच फंसा तो संशोधन के लिए कंपनी व एयरपोर्ट अथारिटी के बीच बैठक भी हुई।

उड़ान को लेकर स्थानीय एयरपोर्ट अधिकारी भी उत्साहित दिखे। केंद्र व प्रदेश के जनप्रतिनिधियों ने भी उड़ान का शिड्यूल जारी होने के दावे किए। विमानन कंपनी की एक ही उड़ान से घरेलू व अंतरराष्ट्रीय दोनों ही सेवाएं शुरू करने के प्रस्ताव से पर्यटन क्षेत्र में भी खुशी थी। विशेषकर यहां स्थित थाई मानेस्ट्री के लोग अत्यंत उत्साहित थे।

यह भी पढ़ें- कुशीनगर में सात वर्षीय बच्चे से कुकर्म-हत्या मामले में दोषी को फांसी की सजा

बुद्धिस्ट देश होने के कारण थाईलैंड से पर्यटन, व्यापार व राजनयिकों के आवागमन की दृष्टि से इस उड़ान को थाई मानेस्ट्री के बौद्ध भिक्षु बहुत ही उपयोगी मान रहे थे। 23 मार्च को नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने देश भर में घरेलू उड़ान का जब शिड्यूल जारी किया तो सूची में कुशीनगर एयरपोर्ट का कोई स्थान नहीं था। जिससे लोगों में मायूसी छा गई।


शिड्यूल का अभी पूरी तरह अध्ययन नहीं कर पाया हूं। कभी-कभी शिड्यूल के बाद भी फ्लाइट की घोषणा हो जाती है। एयर इंडिया एक्सप्रेस को सभी आपरेशनल सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई थी। एयरपोर्ट 24 घंटे लैंडिंग और टेक आफ के लिए तैयार है। उड़ान के लिए विमानन कंपनी और उच्च अधिकारियों से वार्ता चल रही है।

-

- प्राणेश राय,

एयरपोर्ट निदेशक, कुशीनगर

----------------

कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जितना जल्दी उड़ान शुरू होगा यहां के पर्यटन विकास के लिए उतना ही अच्छा होगा। मैं थाईलैंड सरकार से उड़ान शुरू कराने के लिए भारत सरकार से वार्ता के लिए निवेदन करूंगा।

-

- फ्रा डा खोमसान महासचिव, मूलनिधि वाटथाई कुशीनारा महाविहार

एयर इंडिया एक्सप्रेस की प्रस्तावित उड़ान को समर शिड्यूल में जगह नहीं मिलना पर्यटन के लिए चिंताजनक है। जितनी जल्दी यह उड़ान शुरू हो जाए पर्यटन व कुशीनगर के विकास के लिए अच्छा होगा। निश्चित रूप से इस एक मात्र उड़ान से यहां का पर्यटन छह से नौ माह का हो जाएगा। क्योंकि यह उड़ान थाईलैंड से सटे देश म्यांमार, लाओस और कंबोडिया को भी जोड़ती।

-

-पंकज कुमार सिंह,

होटल महाप्रबंधक रायल रेजिडेंसी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।