कौशांबी में वृद्धाश्रम में गूंजा 'हैप्पी बर्थडे', सुमन लता का 80वां जन्मदिन देख भावुक हुए बुजुर्ग
कौशांबी के एक वृद्धाश्रम में सुमन लता का 80वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया, जिससे उनके और अन्य बुजुर्गों के ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
जागरण संवाददाता, कौशांबी। वृद्धाश्रम में उस समय खुशियों का माहौल छा गया, जब सुमन लता के जीवन के 80 वर्ष पूरे होने पर उनका जन्मदिन पूरे हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया गया। उम्र के इस पड़ाव पर अपनों के बीच जन्मदिन मनाने की खुशी उनके चेहरे पर साफ झलक रही थी। केक काटने के साथ रह रहे बुजुर्गों को फल व मिष्ठान वितरित किया।
वृद्धाश्रम में शनिवार के दिन का माहौल कुछ अलग था। सुमन लता के जन्मदिन पर बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान थी, आंखों में चमक और दिलों में अपनों के बीच होने का एहसास। 80 साल का जीवन गुजारने वाली सुमन लता जिसमें न जाने कितने संघर्ष, रिश्तों की यादें, जिम्मेदारियां और अनगिनत अनकही कहानियां समाई थीं।
कभी जिन हाथों ने परिवार को संभाला, जिन कदमों ने अपनों के सपनों के लिए पूरी जिंदगी का सफर तय किया, उम्र के आखिरी पड़ाव पर उन्हीं हाथों को स्नेह और उन्हीं कदमों को साथ की जरूरत होती है।आश्रम प्रबंधक आलोक राय ने बताया कि बुजुर्गों के लिए जन्मदिन का यह आयोजन सिर्फ केक काटने और मिठाई बांटने तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्हें यह एहसास कराने की एक छोटी सी कोशिश थी कि वह अकेले नहीं हैं। उनकी खुशियां आज भी किसी के लिए उतनी ही मायने रखती हैं।