विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नवरात्र: आस्था की राह में सुरक्षा का पहरा, मालवाहक वाहनों से श्रद्धालुओं के सफर पर लगी रोक

By Adarsh Kumar Srivastava Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Mon, 12 Oct 2026 04:09 PM (IST)

कौशांबी में शारदीय नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मालवाहक वाहनों में यात्रा पर रोक लगा ...और पढ़ें

कौशांबी में यात्रियों को ढोते माल वाहक वाहन की चेकिंग करते यातायात पुलिस के जवान- सौ. पुलिस

कौशांबी में यात्रियों को ढोते माल वाहक वाहन की चेकिंग करते यातायात पुलिस के जवान- सौ. पुलिस

HighLights

  1. कौशांबी में पुलिस व परिवहन विभाग की निगरानी तेज

  2. नियम तोड़ने वाले चालकों का लाइसेंस भी होगा निलंबित

जागरण संवाददाता, कौशांबी। शारदीय नवरात्र पर शक्तिपीठ मां शीतला धाम समेत जिले के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। मां के दर्शन-पूजन के लिए लोग निजी वाहनों के साथ बस और ऑटो से भी पहुंच रहे हैं। इस भीड़ का फायदा उठाकर कुछ मालवाहक वाहन चालक भी श्रद्धालुओं को ढोने में जुटे हैं। ऐसे में उनकी जान जोखिम में पड़ने की आशंका बनी है। इसे देखते हुए पुलिस और परिवहन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। नियमों की अनदेखी कर मालवाहक वाहनों से श्रद्धालुओं को ले जाने वाले चालकों पर कार्रवाई की जा रही है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा की अनदेखी करते हैं

नवरात्र मेले के दौरान देवी मंदिरों तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को आसानी से वाहन नहीं मिल पाते। इसका फायदा उठाकर कुछ मालवाहक वाहन चालक क्षमता और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए लोगों को बैठाकर ले जाते हैं। माल ढोने के लिए बने इन वाहनों में यात्रियों को बैठाना सुरक्षित नहीं है। अचानक ब्रेक लगने, वाहन अनियंत्रित होने या दुर्घटना की स्थिति में श्रद्धालुओं को गंभीर चोट लग सकती है।

सैनी में 10 श्रद्धालुओं की हादसे में हुई थी मौत 

पिछले दिनोंं सैनी के डोरमा के समीप खड़े ट्रेलर से पिकअप (लोडर) टकराने से 10 श्रद्धालुओं की मौत हुई थी। कोखराज इलाके में भी अनियंत्रित लोडर पलटने से एक व्यक्ति की मौत हुई। जबकि कई लोग गंभीर रूप से जख्मी होकर अस्पतालों में भर्ती हुए थे। इसे लेकर पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों पर सख्ती बरतना शुरू कर दिया है। यातायात पुलिस ने रविवार को अभियान चलाकर छह मालवाहक वाहनों का चालान किया। एक वाहन सीज भी किया गया है।

निगरानी संग लाइसेंस पर भी कार्रवाई की तैयारी

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस और परिवहन विभाग ऐसे वाहनों पर नजर रख रहा है। नियमों का उल्लंघन कर सवारी ढोते पाए जाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसके बाद भी कुछ चालक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसे में अब बार-बार नियम तोड़ने और लापरवाही बरतने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन की प्रक्रिया अपनाने की तैयारी है।

प्रशासन का उद्देश्य नवरात्र मेले के दौरान श्रद्धालुओं का आवागमन सुरक्षित बनाना और संभावित दुर्घटनाओं को रोकना है। श्रद्धालुओं से भी अपील है कि वह मालवाहक वाहनों में बैठकर यात्रा न करें और सुरक्षित यातायात साधनों का ही इस्तेमाल करें। यातायात पुलिस लगातार चेकिंग अभियान चला रही है।
- भैया संतोष सिंह, क्षेत्राधिकारी यातायात।

यह भी पढ़ें- बिजली उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर, घर बैठे मोबाइल पर दर्ज कराएं शिकायत, समस्या का झटपट होगा समाधान

यह भी पढ़ें- प्रयागराज एयरपोर्ट पर जल्द शुरू होगा कार्गो टर्मिनल: किसानों और कारोबारियों को लाभ, मिलेगा बड़ा बाजार