विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कौशांबी में मां-बेटे से छिनैती करने वाले दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

Published: Sun, 24 May 2026 03:08 PM (IST)

कौशांबी में कड़ाधाम पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया, जिसमें एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया।

कड़ाधाम इलाके में मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की बाइक को देखते सीओ सत्येंद्र कुमार तिवारी

कड़ाधाम इलाके में मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की बाइक को देखते सीओ सत्येंद्र कुमार तिवारी

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, कौशांबी। कड़ाधाम थाना पुलिस ने शनिवार की रात मुठभेड़ के दौरान बाइक सवार दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस की तरफ से आत्मरक्षा में की गई फायरिंग में गोली लगने से एक बदमाश जख्मी हुआ है। इलाज के लिए उसे सीएचसी इस्माइलपुर में भर्ती कराया है।

बदमाशों ने पिछले दिनों सरेराह मां-बेटे की आंख में मिर्च पाउडर झोंककर छिनैती घटना को अंजाम दिया था। बदमाशों के पास से घटना में प्रयुक्त बाइक, तमंचा व छीना गया मोबाइल व अन्य सामान बरामद हुआ है। फतेहपुर जिले के सुल्तानपुर घोष निवासी संजय कुमार 27 अप्रैल को अपनी मां के साथ स्थित कस्बे के एक मैरिज लॉन में आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था।

मां-बेटे से छीना था पर्स और मोबाइल

रात करीब 11.30 बजे मां-बेटे बाइक से घर लौट रहे थे। कड़ाधाम क्षेत्र के नौढिया नहर पुलिया के समीप पीछे से एक बाइक पर आए दो बदमाशों ने मां-बेटे के आंख में मिर्च पाउडर झोंक दिया। इसके बाद बदमाश ने संजय को चाकू सटाते हुए उसके पास रही नकदी, मोबाइल व पर्स छीनकर भाग निकले।

घटना की शिकायत पर कड़ाधाम पुलिस ने मुकदमा कायम कर जांच शुरू की। एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने घटना के राजफाश के लिए एसओजी व सर्विलांस टीम को लगाया। सीओ सिराथू सत्येंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि घटना स्थल के समीप लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज ली गई थी।

आसपास रहने वाले लोगों का बयान भी लिया गया। शनिवार रात थाना प्रभारी विनीत सिंह की टीम के साथ सौंरई बुजुर्ग में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी अलीपुरजीता नहर पुलिया की तरफ से बाइक सवार दो लोग आते दिखे। पुलिस टीम ने उन्हें रोकना चाहा तो चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी।

शक होने पर पुलिस टीम ने पीछा किया तो बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की तरफ से आत्मरक्षा में चलाई गई गोली बाइक पर पीछे बैठे बदमाश के बाएं पैर में लगी। इस पर दोनों बदमाश बाइक सहित गिर पड़े।

पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को धर-दबोचा। बदमाशों की पहचान सुुल्तानपुर घोष निवासी श्यामजीत पुत्र इंद्रमन व कड़ाधाम क्षेत्र के सौंरई बुर्जुग निवासी अमित सरोज पुत्र रमेश के रूप में हुई है। गोली लगने से जख्मी श्यामजीत को इलाज के लिए सीएचसी इस्माइलपुर में भर्ती कराया गया।

सीओ के मुताबिक श्यामजीत के पास एक तमंचा, दो खोखा व एक जिंदा कारतूस, मोबाइल (संजय का), पांच सौ रुपये व घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई। वहीं अमित सरोज के पास से एक पर्स जिसमें आधार कार्ड, पेन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंसं, एटीएम (संजय का) व एक चाकू और तीन सौ रुपये नकद मिले हैं। दोनों बदमाशों के खिलाफ लिखापढ़ी कर चालान कर दिया गया है।

बदमाशों के खिलाफ हत्या के प्रयास का भी मुकदमा

शनिवार की रात मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए दो बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने हत्या के प्रयास का भी मुकदमा कायम किया है। यह मुकदमा कड़ाधाम थाना प्रभारी विनीत सिंह की तहरीर पर लिखा गया। इसके अलावा बदमाशों की अन्य आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।

यह भी पढ़ें- कौशांबी में जीजीआईसी की दो प्रवक्ताओं पर मतांतरण, ब्रेनवाश और लव जिहाद का आरोप, मुकदमा दर्ज