कौशांबी: संदिग्ध हाल में अधेड़ की मौत, खंडहरनुमा कच्चे घर में साड़ी से लिपटा मिला शव; हत्या की आशंका
कौशांबी के तिलगोड़ी गांव में एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खंडहरनुमा घर में साड़ी से लिपटा ...और पढ़ें
HighLights
घरवालों ने कहा- गले व पीठ पर चोट के निशान
पिपरी थाना क्षेत्र के तिलगोड़ी गांव की घटना
संसू, जागरण, चायल (कौशांबी)। पिपरी थाना क्षेत्र के तिलगोड़ी गांव में रविवार रात करीब 50 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। उसका शव खंडहरनुमा कच्चे घर के भीतर साड़ी से लिपटा मिला। गले और पीठ पर चोट के निशान का दावा करते हुए घरवालों ने हत्या का आरोप लगाया है। जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने शव कब्जे में लिया।
तिलगोड़ी गांव निवासी 50 वर्षीय राम भवन पुत्र स्वर्गीय राम लौटन मजदूरी करके घरवालों का भर- पोषण करते थे। घरवालों के मुताबिक रविवार रात में भोजन करने के बाद वह सो रहे थे। सुबह उठने पर घरवालों को जब वह नहीं दिखे तो पुराने और वर्षा में आधा गिर चुके कच्चे घर में ढूंढने गए। वहां दरवाजा खुला था और राम भवन का शव साड़ी से लटका हुआ था।
पत्नी कुसुम कली ने बताया कि पति के गर्दन में साड़ी से गला घुटने और पीठ में डंडे से मारपीट करने के निशान हैं। पुरानी रंजिश में गांव के एक व्यक्ति पर धमकी का आरोप लगाया। घरवालों की सूचना के बाद दोपहर करीब एक बजे पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। राम भवन के दो बेटे मजदूरी करके घर का खर्च चलाने में सहयोग करते हैं। सबसे छोटा बेटा पढ़ाई करता है। पांच बेटियों में तीन की शादी हो चुकी है।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष पिपरी चंद्रभूषण मौर्य का कहना है कि घरवालों ने किसी प्रकार का आरोप लगाते हुए कोई तहरीर नहीं दी है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
