विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कौशांबी में स्कूली बच्चों से भरा ऑटो वाहन अनियंत्रित होकर पलटा, आधा दर्जन विद्यार्थी घायल; दो की हालत गंभीर

By Digital Desk Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sat, 12 Sep 2026 03:19 PM (IST)

कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र में स्कूली बच्चों से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें आधा दर्जन विद्यार्थी ...और पढ़ें

कौशांबी में पिपरी क्षेत्र में अनियंत्रित ऑटो वाहन के पलटने से घायल स्कूली बच्चे। जागरण

कौशांबी में पिपरी क्षेत्र में अनियंत्रित ऑटो वाहन के पलटने से घायल स्कूली बच्चे। जागरण

HighLights

  1. गंभीर दो विद्यार्थियों को प्रयागराज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया

  2. पिपरी क्षेत्र के चलौली मोड़ के निकट शनिवार दोपहर हुई दुर्घटना

संसू, जागरण, चायल (कौशांबी)। जनपद के पिपरी थाना क्षेत्र में बड़ा सड़क हादसा हुआ। चलौली मोड़ के पास शनिवार दोपहर स्कूली बच्चों से भरा ऑटो वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। वाहन में करीब एक दर्जन बच्चे सवार थे। हादसे में आधा दर्जन घायल हो गए। इनमें दो विद्यार्थियों को गंभीर हाल में प्रयागराज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।  

बताया जाता है कि एक स्कूल से छुट्टी के बाद विद्यार्थियों को घर छोड़ने जा रहा ऑटो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद बच्चों की चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल वाहन में फंसे विद्यार्थियों को बाहर निकाला। घायल बच्चों को इलाज के लिए चायल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

Kaushambi Auto Vehicle Overturns School Kids Injured

घायलों में पीयूष, रीतू, आयुष और श्रेया सहित आधा दर्जन विद्यार्थी शामिल हैं। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पीयूष और रीतू की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें प्रयागराज के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। दोनों को प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

विक्रम में सवार अन्य बच्चों में श्रेयांस सिंह पुत्र मनोज कुमार निवासी तिल्हापुर मोड़, नैतिक पाल, कार्तिक पाल पुत्र स्वर्गीय मानसिंह पाल निवासी रनियापार, शुभम, प्रीती, शिवम, रिक्की पुत्र रमेश निवासी दरियापुर तथा सौरभ पुत्र कमलदीप निवासी दरियापुर बताए गए हैं। हादसे में अन्य विद्यार्थियों को मामूली चोटें आई है।

घटना की सूचना मिलते ही पिपरी पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने विक्रम को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। प्रारंभिक जांच में विक्रम के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। उधर, विद्यार्थियों के घायल होने की जानकारी मिलते ही उनके परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए, जिससे वहां कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।

यह भी पढ़ें- हनीट्रैप कांड: रेस्ट हाउस के सीसीटीवी और चेक-इन कराने वाले 'साहब' का करीबी कौन था? हो रही तलाश

यह भी पढ़ें- रेलवे ने बढ़ाए ट्रेनों के फेरे, त्योहारों पर यात्रियों को मिल जाएगा कन्फर्म टिकट, कई स्पेशल ट्रेनों के समय में बदलाव