कन्या विवाह योजना की राशि बढ़ी, अब लाभार्थियों को मिलेगा 65 हजार रुपये, श्रम विभाग में ऐसे कराएं पंजीकरण
कन्या विवाह योजना की राशि 55 हजार से बढ़ाकर 65 हजार रुपये कर दी गई है। निर्माण श्रमिकों को योजनाओं ...और पढ़ें

कन्या विवाह योजना की राशि बढ़ा दी गई है।
HighLights
श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ केवल निर्माण श्रमिकों को
कौशांबी के श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने दी आवश्यक जानकारी
जागरण संवाददाता, कौशांबी। श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ निर्माण श्रमिकों को ही मिलता है। किसी भी योजना का लाभ पाने के लिए एक साल पहले विभाग में पंजीकरण होना आवश्यक है। उसके बाद ही वह आवेदन कर सकते हैं। पंजीयन एवं आवेदन दोनों ही अपने नजदीकी सहज जन सेवा केंद्र के माध्यम से कर सकते हैं।
पुराने श्रमिक कानूनों के स्थान पर चार नए लेबर कोड लाए गए है, उसमें मजदूरी संहिता, 2019, औद्योगिक संबंध संहिता, 2020, सामाजिक सुरक्षा संहिता, 2020 और व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्य स्थितियां संहिता 2020 शामिल हैं। इसको लेकर शीघ्र ही गाइड लाइन जारी होने की संभावना है। उसके बाद बाजारों की साप्ताहिक बंदी को लेकर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी नेहा यादव ने ‘दैनिक जागरण’ के प्रश्न पहर कार्यक्रम में गुरुवार को दी। लोगों ने बाजारों में साप्ताहिक बंदी का प्रभावी क्रियान्वयन न होने, मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना, कन्या विवाह योजना से संबंधित प्रश्न किए। उन्होंने बताया कि कन्या विवाह योजना के लिए धनराशि 55 हजार से बढ़ाकर 65 हजार रुपये कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना का लाभ पाने के लिए निर्माण श्रमिक होने के साथ श्रम कार्ड बनवाना पड़ता है। श्रम कार्ड बनने के एक साल बाद आवेदन किया जा सकता है। योजना के तहत लड़की पैदा होने पर 25 हजार, लड़का होने पर 20 हजार रुपये मिलता है। अगर लड़की दिव्यांग है तो 50 हजार रुपये दिया जाता है। महिला श्रमिक होने पर 3 माह का न्यूनतम मजदूरी का भुगतान किया जाता है।
कन्या विवाह योजना के बारे में भी जानकारी दी। कहा कि यह योजना निर्माण श्रमिकों के लिए है। इसके लिए सहज जनसेवा केंद्र से पंजीयन करा लें। पंजीयन के एक साल बाद बेटी की शादी के लिए आवेदन करने पर 65 हजार रुपये मिलेगा। कन्या विवाह योजना के तहत पहले 55 हजार रुपये मिलता था। अब धनराशि बढ़ाकर 65 हजार रुपये कर दी गई है।वहीं, कोई श्रमिक जो अपनी पुत्री का अंतरजातीय विवाह करता है, शादी का प्रमाण पत्र सहित आवेदन करने पर उसे 75 हजार रुपए मिलता है। जबकि सामूहिक विवाह में शादी होने पर 85 हजार रुपये मिलता है।
