यूपी बोर्ड 2027 के परीक्षार्थियों के लिए जरूरी खबर, शैक्षणिक विवरण सुधारने का अंतिम मौका
यूपी बोर्ड ने 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के छात्रों को शैक्षिक विवरणों में त्रुटियां सुधारने का मौका दिया है।

तस्वीर- फाइल।
HighLights
यूपी बोर्ड 2027 परीक्षा के शैक्षिक विवरणों में सुधार का मौका।
ऑनलाइन संशोधन की अंतिम तिथि 12 नवंबर निर्धारित की गई है।
जन्म तिथि, पूर्ण नाम बदलाव के लिए ऑफलाइन आवेदन 16 नवंबर तक।
जागरण संवाददाता, कासगंज। यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को शैक्षिक विवरणों में त्रुटियों को सुधारने का मौका दिया गया है। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने संशोधन के लिए अपनी वेबसाइट खोल दी है। ऑनलाइन संशोधन की अंतिम तिथि 12 नवंबर निर्धारित की गई है।
परिषद के सचिव भगवती सिंह ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों को पत्र भेजकर विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को विद्यार्थियों के अभिलेखों की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत विषय, वर्ग, छात्र और माता-पिता के नाम की वर्तनी, जेंडर, जाति, फोटो तथा कक्षा 11 के पंजीकरण में दर्ज हाइस्कूल के अनुक्रमांक में आनलाइन सुधार किया जा सकेगा।
प्रधानाचार्य परिषद की वेबसाइट पर लागिन कर संशोधन कर सकते हैं। जन्मतिथि, माता-पिता के पूर्ण नाम में बदलाव तथा विवरण डिलीट या रीस्टोर कराने के लिए आफलाइन आवेदन की व्यवस्था की गई है। इसके लिए प्रधानाचार्य 16 नवंबर तक जरूरी अभिलेखों और साक्ष्यों सहित आवेदन प्राप्त करेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक रजनेश कुमार ने बताया कि प्रकरणों की जांच कर संस्तुति सहित आख्या 21 नवंबर तक संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय को भेजेंगे। परिषद ने विद्यालयों को समय सीमा का पालन करने के निर्देश दिए हैं, ताकि परीक्षा संबंधी अभिलेखों में त्रुटियां न रह जाएं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।