कासगंज पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल: एडीजी ने मांगी सूची, चुनाव आयोग के निर्देश पर थाना प्रभारियों का तबादला
कासगंज पुलिस महकमे में 2027 चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर बड़ा फेरबदल होने जा रहा है। चुनाव आयोग के निर्देशों ...और पढ़ें

फाइल फोटो।
HighLights
कासगंज पुलिस में 2027 चुनाव से पहले बड़ा फेरबदल।
आधा दर्जन से अधिक थाना प्रभारियों का होगा तबादला।
चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों पर हो रही कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, कासगंज। चुनाव-2027 की तैयारियों के बीच कासगंज पुलिस महकमे में बड़े फेरबदल की तैयारी शुरू हो गई है। चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत जिले में तीन साल का कार्यकाल पूरा कर चुके या मई 2027 तक पूरा करने वाले आधा दर्जन से अधिक थाना प्रभारियों को हटाया जाएगा। अगले 10 दिनों में तबादला सूची जारी होने की संभावना है।
चुनाव आयोग के निर्धारित मानकों के अनुसार एक जिले में तीन साल से अधिक समय से तैनात अधिकारियों को चुनाव से पहले स्थानांतरित किया जाना है।
इसी क्रम में एडीजी आगरा जोन एसके भगत और डीआईजी अलीगढ़ रेंज प्रभाकर चौधरी ने तीन साल से जिले में तैनात प्रभारी निरीक्षकों और सात साल से एक ही स्थान पर तैनात उपनिरीक्षकों की सूची मांगी है।
सूची जारी होते ही बदले जाएंगे प्रभारी
सूची जारी होने के बाद कासगंज में तैनात कई थाना प्रभारियों को एटा, हाथरस और अलीगढ़ भेजा जा सकता है। वहीं आगरा जोन के अन्य जिलों से नए निरीक्षकों की तैनाती कासगंज में होगी। थाना प्रभारियों के साथ एक ही सर्किल अथवा सबडिवीजन में निर्धारित अवधि से तैनात दरोगा, हेड कॉन्स्टेबल और कॉन्स्टेबल भी दूसरे स्थानों पर भेजे जाएंगे। इसका उद्देश्य चुनाव के दौरान किसी तरह के स्थानीय प्रभाव और पक्षपात की आशंका को खत्म कर निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करना है।
एसपी ओपी सिंह ने दी जानकारी
एसपी ओपी सिंह ने बताया चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार निर्धारित अवधि पूरी कर चुके पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के स्थानांतरण की प्रक्रिया अपनाई जाती है। चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा।