विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कासगंज में बाढ़ से मिलेगी मुक्ति, नगला हंसी-राजपुर कुर्रा बांध निर्माण को ग्रामीणों की सहमति

Published: Sun, 25 Oct 2026 10:07 PM (IST)

कासगंज में नगला हंसी से राजपुर कुर्रा तक बांध निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ी है, जिससे बाढ़ प्रभावित गांवों को ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. नगला हंसी से राजपुर कुर्रा तक बांध बनेगा।

  2. ग्रामीणों ने बांध निर्माण के लिए भूमि दी सहमति।

  3. सिंचाई विभाग शासन को प्रस्ताव भेजेगा, राहत की उम्मीद।

जागरण संवाददाता, कासगंज। गंगा में जलस्तर बढ़ने पर हर साल बाढ़ और जलभराव की समस्या झेलने वाले गांवों के लिए राहत की उम्मीद जगी है। पटियाली तहसील क्षेत्र के नगला हंसी से राजपुर कुर्रा तक बांध निर्माण की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ी है। राजस्व और सिंचाई विभाग की संयुक्त समिति ने गांवों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से बातचीत की।

प्रशासन के अनुसार, बांध निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने पर ग्रामीणों ने शत-प्रतिशत सहमति जताई है। अब सिंचाई विभाग की ओर से प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण की आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।

पटियाली क्षेत्र के गंगा किनारे बसे तराई के गांवों में हर साल जलस्तर बढ़ने पर बाढ़ का खतरा बढ़ जाता है। पूर्व में नगला नरपत में घरों में पानी भरने के कारण परिवारों को सड़क पर रात गुजारनी पड़ी थी। वहीं, मूजखेड़ा और नगला दुर्जन में भी जलभराव से संपर्क प्रभावित हुआ था।

चौपाल लगाकर ली गई सहमति

उपजिलाधिकारी पटियाली सुशांत सवारें के आदेश पर गठित राजस्व एवं सिंचाई विभाग की संयुक्त समिति ने निर्धारित रोस्टर के अनुसार गांवों में चौपालें लगाईं। ग्रामीणों से बांध निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने के संबंध में सहमति ली गई।

प्रशासन के मुताबिक, सभी ग्रामीणों ने भूमि देने पर सहमति जताई है। बांध निर्माण से बाढ़ के पानी के कारण होने वाली परेशानी कम होने की उम्मीद है। ग्रामीण लंबे समय से बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

इस प्रक्रिया में जिलाधिकारी प्रणय सिंह के मार्गदर्शन और उपजिलाधिकारी पटियाली के नेतृत्व में राजस्व एवं सिंचाई विभाग की टीम ने काम किया। तहसीलदार शौर्य वर्धन राठौर, नायब तहसीलदार रोहित प्रकाश सक्सेना, सिंचाई खंड-द्वितीय के सहायक अभियंता पंकज कश्यप, लेखपाल अंकित शर्मा, नरेश बाबू और विशाल राज सहित विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों का योगदान रहा।

यह भी पढ़ें- कासगंज के BDO की मुश्किलें बढ़ीं: अब भ्रष्टाचार की FIR भी, 10% कमीशन का बंटवारे में डिप्टी CM ने किया था सस्पेंड

यह भी पढ़ें- कासगंज में मॉडिफाइड बुलेट सीज, प्रेशर हॉर्न लगाने वाले 24 बाइकों को भेजा 3.20 लाख का चालान