विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कासगंज के BDO की मुश्किलें बढ़ीं: अब भ्रष्टाचार की FIR भी, 10% कमीशन का बंटवारे में डिप्टी CM ने किया था सस्पेंड

Published: Sun, 25 Oct 2026 09:58 AM (IST)

पटियाली के निलंबित बीडीओ संजीव कुमार की मुश्किलें बढ़ गई हैं, 10% कमीशन के बंटवारे वाले वीडियो के बाद उन ...और पढ़ें

पटियाली के खंंड विकास अधिकारी।

पटियाली के खंंड विकास अधिकारी।

HighLights

  1. निलंबित बीडीओ संजीव कुमार पर भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज।

  2. 10% कमीशन बंटवारे के वीडियो से मामला गरमाया।

  3. उपमुख्यमंत्री के निर्देश पर पहले ही निलंबित हुए थे।

जागरण संवाददाता, कासगंज। कमीशन के बंटवारे को लेकर प्रसारित वीडियो से चर्चा में आए पटियाली के खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) संजीव कुमार की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। वीडियो वायरल होने के बाद निलंबित किए गए बीडीओ के खिलाफ शनिवार को मुकदमा भी दर्ज हो गया है। जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र की तहरीर पर पटियाली थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की दो धाराओं और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा सात के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र ने शनिवार को पटियाली थाना पुलिस को तहरीर दी। इसमें इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित 53 सेकंड के वीडियो का उल्लेख किया गया है।

तहरीर के अनुसार, वीडियो में बीडीओ संजीव कुमार अपने कार्यालय में बैठे किसी व्यक्ति से धनराशि मांगते सुनाई दे रहे हैं। इसमें 'पूरा एक दे जाना, नोट कर लेना, नेतागिरी मत करना' कहने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए जेल जाने की बात कर रहे है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पटियाली बीडीओ का चार्ज डीडीओ सुभाष चंद्र को सौंपा गया है। 

10 प्रतिशत कमीशन के बंटवारे से शुरू हुआ मामला

बीडीओ का यह वीडियो 21 अक्टूबर को इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था। इसमें विकास कार्यों में 10 प्रतिशत कमीशन में से चार प्रतिशत अधिकारियों को दिए जाने की बातचीत सुनाई दे रही है। वीडियो में जिला विकास अधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी के हिस्से का भी उल्लेख होने की बात सामने आई थी। ''सिस्टम बना हुआ है'' और ''एक से कम नहीं लूंगा'' जैसी बातचीत के बाद मामला चर्चा में आ गया था।

डिप्टी सीएम के निर्देश पर निलंबन, अब मुकदमा

वीडियो प्रसारित होने के बाद जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने शासन को पत्र लिखकर कार्रवाई के लिए लिखा था। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद बीडीओ संजीव कुमार को शुक्रवार को निलंबित कर दिया गया।

सीओ ने दी ये जानकारी

क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार ने बताया जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र की तहरीर के आधार पर बीडीओ संजीव कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी बिंदुओं और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी।

यह भी पढ़ें- सबको बांटना पड़ता है हिस्सा...पूरा चाहिए 'एक', कासगंज के बीडीओ का वीडियो वायरल