विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कासगंज के जखारुद्रपुर में चार साल से जलभराव, बच्चे बोले- डीएम अंकल, हमारी भी सुनो

Published: Sun, 01 Nov 2026 09:03 PM (IST)

कासगंज के जखारुद्रपुर गांव में चार साल से जलभराव की समस्या से ग्रामीण, खासकर स्कूली बच्चे परेशान हैं, जिन्हें गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है।

शनिवार को जखारुद्रपुर के प्रथामिक विद्यालय में पानी में घुसकर पढ़ने जाते बच्चे। जागरण

शनिवार को जखारुद्रपुर के प्रथामिक विद्यालय में पानी में घुसकर पढ़ने जाते बच्चे। जागरण

HighLights

  1. कासगंज के जखारुद्रपुर में चार साल से जलभराव की समस्या।

  2. स्कूली बच्चों को रोजाना गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है।

  3. बच्चों ने जिलाधिकारी से नाली निर्माण की गुहार लगाई है।

जागरण संवाददाता, कासगंज। विकास के दावों के बीच सालों से क्षेत्र में बनी हुई समस्याएं ग्रामीणों के लिए मुसीबत बनी हुई हैं। कहीं सड़क नहीं है तो कहीं जल निकासी की व्यवस्था नहीं।

ऐसा ही हाल कासगंज ब्लाक के गांव जखारुद्रपुर का है, जहां पिछले चार वर्षों से नाली नहीं होने के कारण रास्ते पर घरों का गंदा पानी भरा रहता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को उठानी पड़ रही है। उन्हें रोजाना गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। बच्चे डीएम से गुहार लगा रहे हैं कि हम गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर हैं।

नालियों में दो-दो फुट तक भरा गंदा पानी

15 सौ की आबादी वाला गांव आवागमन को लेकर परेशान है। गांव में प्रवेश करने के लिए दो-दो फुट भरे नालियों के गंदे पानी से गुजरना पड़ता है। स्कूली बच्चे पानी में से निकलने को मजबूर हैं। स्कूली बच्चों को जूते कपड़े होने की चिंता के साथ संक्रमण का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार जिम्मेदारों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ।

उनका कहना है कि चार वर्ष से नाली निर्माण की मांग की जा रही है। अब बच्चों ने भी जिलाधिकारी से गुहार लगाते हुए कहा है कि डीएम अंकल, हमारी भी सुनो और स्कूल जाने के रास्ते से गंदा पानी हटवाने की व्यवस्था कराएं, ताकि उन्हें रोजाना इस परेशानी से न जूझना पड़े।

भिटोना ग्राम प्रधान धीरज वर्मा ने बताया गांव में कई बार अधिकारियों को बुलाकर नाली बनवाने का प्रयास किया, लेकिन आमने सामने खेत वाले नाली को नहीं निकलने देते है। जिससे जल निकासी व्यवस्था सुचारू रूप से नहीं हो रही है।

जिला पंचायत राज अधिकारी राजेश चौरासियां ने बताया गांव में जलभराव की समस्या की जानकारी कराई जायेगी। स्थलीय निरीक्षण कराया जाएगा।

लोग बोले-

गांव में चार साल से जलभराव की समस्या बनी हुई है। घरों का पानी रास्ते पर जमा रहता है। कई बार शिकायत करने के बाद भी नाली नहीं बनवाई गई। -ओमवती, निवासी जखारुद्रपुर।

रास्ते पर गंदा पानी भरा रहने से निकलना मुश्किल है। बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान हैं। कई बार लोग फिसलकर गिर चुके हैं। -दुर्वेश कुमार, निवासी जखारुद्रपुर।

स्कूल जाने के लिए रोजाना गंदे पानी से होकर निकलना पड़ता है। कई बार पानी में पैर फिसल जाता है और कपड़े भी खराब हो जाते हैं। डीएम अंकल हमारी समस्या दूर करा दीजिए। -मयंक राजपूत,छात्र

हम रोज पढ़ने के लिए स्कूल जाते हैं, लेकिन रास्ते में पानी भरा रहता है। कई बच्चे गिर चुके हैं। हमें साफ रास्ता चाहिए, जिससे बिना परेशानी स्कूल पहुंच सकें। -मृदुल राजपूत, छात्र।

ये हैं जिम्मेदार

ग्राम पंचायत स्तर पर गांव में नाली निर्माण और जलनिकासी की व्यवस्था कराने की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत सचिव की है।सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को ग्राम पंचायत के कार्यों की निगरानी करनी होती है।

ये है समाधान

जलभराव वाले रास्ते का स्थलीय निरीक्षण कराकर नाली निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कराया जाए।नाली निर्माण होने तक अस्थायी जलनिकासी की व्यवस्था की जाए।

यह भी पढ़ें- कासगंज में मौत का धंधा, 1800 अवैध मेडिकल स्टोर कर रहे मरीजों की जान से खिलवाड़

यह भी पढ़ें- दीपावली पर कासगंज रोडवेज की सभी बसें रहेंगी ऑनरूट, यात्रियों को नहीं होगी परेशानी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।