कासगंज में सेल्फी लेते समय हजारा नहर में गिरे बी-फार्मा का छात्र की डूबने से मौत, दूसरे दिन मिला शव
कासगंज में दीपावली की शाम सेल्फी लेते समय हजारा नहर में गिरे बी-फार्मा छात्र अवनीश का शव दूसरे दिन बरामद हुआ।

HighLights
सेल्फी लेते समय हजारा नहर में गिरा छात्र अवनीश।
दीपावली की शाम हुए हादसे के बाद दूसरे दिन मिला शव।
परिजनों ने दोस्तों पर धक्का देने का आरोप लगाया, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, कासगंज। दीपावली की शाम थाना ढोलना क्षेत्र के गांव भगवंतपुर के निकट हजारा नहर में सेल्फी लेते समय बी-फार्मा का छात्र गिर गया। रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे हुए हादसे के बाद पुलिस और गोताखोरों ने तलाश अभियान शुरू किया।
सोमवार दोपहर दूसरे दिन छात्र का शव नहर से बरामद हो सका। त्योहार के दिन हुए हादसे से स्वजन में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, स्वजन ने दोस्तों पर धक्का देने की आशंका जताई है।
यह है पूरा मामला
गांव नगला भूरा निवासी 23 वर्षीय अवनीश पुत्र नारायण सिंह रविवार को अपने दोस्तों सचिन और अंकुश निवासी नगला बैनी तथा विशाल निवासी कलियानपुर के साथ भगवंतपुर पुल के पास हजारा नहर पर पहुंचा था।
दोस्तों के अनुसार, अवनीश नहर किनारे खड़े होकर मोबाइल से सेल्फी ले रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बह गया। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
सूचना पर पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे। देर रात तक तलाशी अभियान चलाया गया। सोमवार को भी पीएसी और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन जारी रही। शाम को अवनीश का शव मिल गया। अवनीश तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था और अलीगढ़ की मंगलायतन यूनिवर्सिटी से बी-फार्मा की पढ़ाई कर रहा था।
पिता नारायण सिंह का कहना है कि उसके दोस्त घर आए थे और बेटे को अपने साथ बुलाकर ले गए थे। स्वजन ने घटना को लेकर संदेह जताया है। पुलिस ने सचिन और अंकुश को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। ढोलना थाना प्रभारी अवधेश भदौरिया ने बताया कि युवक के नहर में गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तलाश अभियान शुरू कराया था।
पीएसी और स्थानीय गोताखोरों की मदद ली गई। सोमवार को युवक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दो दोस्तों से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- नीचे नदी ऊपर हजारा नहर: 2.5 करोड़ रु से संवरेगा ऐतिहासिक नदरई झाल का पुल, दिसंबर तक बनेगा पर्यटन केंद्र
यह भी पढ़ें- कासगंज की हजारा नहर में नहाते समय चार भाई डूबे, चचेरे भाई को बचाया, तीन लापता
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।