प्रसिद्ध मिनी कुंभ ककोड़ा मेला शुरू, कादरगंज गंगा घाट पर सख्त सुरक्षा
कासगंज के ऐतिहासिक कादरगंज गंगा घाट पर प्रसिद्ध ककोड़ा मेले का धार्मिक उल्लास के साथ शुभारंभ हो गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष और एडीएम ने फीता काटकर उद्घाटन किया, जहां कार्तिक पूर्णिमा पर हजारों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।

गंगा घाट स्थित काकोड़ा मेले का फीता काटकर शुभारंभ करती जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप, एडीएम आलोक गुप्ता। जागरण
HighLights
ककोड़ा मेले का कादरगंज गंगा घाट पर धार्मिक शुभारंभ हुआ।
जिला पंचायत अध्यक्ष, एडीएम ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया।
कार्तिक पूर्णिमा पर हजारों श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है।
संवाद सूत्र, गंजडुंडवारा (कासगंज)। ऐतिहासिक कादरगंज गंगा घाट पर लगने वाले प्रसिद्ध ककोड़ा मेले का सोमवार को पूरे धार्मिक उल्लास और विधि-विधान के साथ शुभारंभ हो गया। जिला पंचायत अध्यक्ष और एडीएम ने गंगा की आरती एवं फीता काटकर किया।
ऐतिहासिक कादरगंज गंगा घाट पर लगने वाले प्रसिद्ध मिनी कुंभ ककोड़ा मेले का सोमवार को पूरे धार्मिक उल्लास और विधि-विधान के साथ शुभारंभ हो गया।
कल-कल करती मां गंगा की पूजा-अर्चना और वैदिक रीति-रिवाजों के बीच जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप एवं एडीएम आलोक गुप्ता ने संयुक्त रूप से फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष और एडीएम ने फीता काटकर किया उद्घाटन
मेले के शुरू होते ही गंगा घाट पर आस्था और भक्ति का माहौल नजर आने लगा। उद्घाटन से पूर्व अतिथियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने मां गंगा का पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। उद्घाटन के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप और एडीएम आलोक गुप्ता ने मेला परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के आवागमन के रास्तों, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और गंगा स्नान के लिए बनाए गए घाटों का जायजा लिया।
स्नान घाटों से लेकर पेयजल, प्रकाश और सफाई व्यवस्था का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों पर बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती और पुलिस बल की व्यवस्था की समीक्षा की। मंगलवार 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
एडीएम ने बताया कि मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपकर व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें- नौकरियां ही नौकरियां: 12वीं पास के लिए जॉब का मौका, 30 को कासगंज में लगेगा बड़ा रोजगार मेला
एसडीएम पटियाली सुशांत सांवरे, एसडीएम एवं प्रभारी ईओ मोहम्मद नासिर, सीओ अमित कुमार, जिला पंचायत के सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।