शराब के लिए पानी नहीं लाया 9 साल का बालक, नशेड़ी रिश्तेदार ने सीने में दाग दी गोली; कासगंज में सनसनीखेज घटना
धनेश ने यश को अपने पास बुलाकर शराब के लिए पानी लाने को कहा। यश ने पानी लाने से मना ...और पढ़ें

पुलिस ने गिरफ्तार किया हत्यारोपित इंसेट में मृत बालक।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, कासगंज। सहावर थाना क्षेत्र के गांव याकूतगंज में मासूम की मौत का मामला अब हत्या में बदल गया है। पहले जिसे हर्ष फायरिंग बताया जा रहा था, वह दरअसल एक छोटी-सी बात पर भड़के गुस्से का खौफनाक अंजाम निकला। शराब के लिए पानी न लाने पर नौ वर्षीय बालक को गोली मार दी गई। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
शराब के लिए पानी न लाने पर की गई मासूम की हत्या
गांव में एक अप्रैल की रात खुशी का माहौल था। जसवीर गोला के पुत्र का नामकरण संस्कार था। दावत चल रही थी। लोग जश्न में डूबे थे। इसी बीच एक मामूली विवाद ने सब कुछ बदल दिया। आरोप है कि सोरों थाना क्षेत्र के नगला बीच मीरापुर निवासी धनेश यादव ने पास में खड़े सुखवीर सिंह के नौ वर्षीय पुत्र यश से शराब के लिए पानी लाने को कहा। मासूम ने मना कर दिया। बस यही बात आरोपी को इतनी नागवार गुजरी कि उसने आपा खो दिया।
नामकरण संस्कार की दावत में चली गोली, गांव में अभी भी सन्नाटा
गुस्से में धनेश ने 315 बोर के तमंचे से यश पर गोली चला दी। गोली लगते ही बालक जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिवार और ग्रामीण तुरंत उसे सहावर स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद यश की जान नहीं बच सकी।
फरार आरोपित को पुलिस ने दबोचा, तमंचा बरामद
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने तेजी दिखाते हुए उसे अगले ही दिन गांव खितौली स्थित नहर के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
यश चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था
मृतक यश गांव के किसान मांटेसरी पब्लिक स्कूल में कक्षा दो का छात्र था। वह चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। उससे बड़ा भाई अर्जुन है, जबकि छोटी बहनें मुस्कान और कामिनी हैं। बेटे की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम है और लोग घटना से स्तब्ध हैं।
सीओ ने कही ये बात
सीओ सहावर शाहिदा नसरीन ने बताया कि आरोपी नामकरण संस्कार में शामिल होने आया था। पूछताछ में सामने आया कि पानी न लाने की बात पर उसने गुस्से में आकर गोली चला दी। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।
