विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आधी रात 5 जिलों की टीम ने मारा छापा: 24 लाख रु. का 3819 KG घी जब्त, कासगंज के कारोबारियों में खलबली

Published: Sun, 11 Oct 2026 02:27 PM (IST)Updated: Sun, 11 Oct 2026 02:34 PM (IST)

कासगंज में खाद्य सुरक्षा विभाग की पांच जिलों की टीमों ने घी कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई ...और पढ़ें

घी कारोबारियों के यहां छापामार कार्रवाई के दौरान पहुंची टीम।

घी कारोबारियों के यहां छापामार कार्रवाई के दौरान पहुंची टीम।

HighLights

  1. खाद्य सुरक्षा विभाग की 5 जिलों की टीमों का छापा।

  2. कासगंज में घी कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई।

  3. 24.85 लाख रुपये का 3819 किलो घी जब्त।

जागरण संवाददाता, कासगंज। जिले में शुक्रवार रात घी कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की पांच जिलों की टीमों ने एक साथ छापेमारी की। अचानक हुई कार्रवाई से कारोबारियों में खलबली रही। टीमों ने कई प्रतिष्ठानों से घी, दूध और अन्य दुग्ध उत्पादों के कुल 17 नमूने लिए। कार्रवाई के दौरान 3,819 किलोग्राम घी जब्त किया गया, जिसकी कीमत 24 लाख 85 हजार 270 रुपये बताई गई है।

सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जब्त किया गया घी सील किया गया है।

24.85 लाख रुपये के घी को किया जब्त

लखनऊ स्थित खाद्य सुरक्षा विभाग के मुख्यालय के निर्देश पर कासगंज के साथ बदायूं, बरेली, फर्रुखाबाद और अलीगढ़ की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। टीमों ने घी कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर उत्पादों के नमूने लिए और संबंधित अभिलेखों की जांच की। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में घी जब्त किए जाने से कारोबारियों में हड़कंप रहा।

कई प्रतिष्ठानों से लिए नमूने

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मधुसूदन एसएमपी प्रतिष्ठान से स्किम्ड मिल्क पाउडर, घी और दूध के तीन नमूने लिए। बीके साहू के प्रतिष्ठान से दो, अजय कुमार गुप्ता के प्रतिष्ठान से दो, भरत घी के प्रतिष्ठान से दो और राजीव घी के प्रतिष्ठान से दो नमूने संग्रहित किए गए। बाबूराम रमेश चंद्र के प्रतिष्ठान से भी दो नमूने लिए गए। वहीं अरनिशा मिल्क प्रोडक्ट के प्रतिष्ठान से घी, पनीर और खोया के नमूने लिए गए। इस तरह कुल 17 नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने प्रतिष्ठानों पर उपलब्ध उत्पादों और अभिलेखों की जांच की। कार्रवाई के दौरान 3819 किलोग्राम घी जब्त किया गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार जब्त घी की कीमत 24 लाख 85 हजार 270 रुपये है। अब प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट में नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- स्कूली बच्चों की बल्ले-बल्ले: हर शुक्रवार मिलेगा पौष्टिक हलवा और उपमा, मिड डे-मील में बदलाव

यह भी पढ़ें- यूपी में बदलेगा मौसम का मिजाज! पश्चिमी UP में बारिश की संभावना, लखनऊ-आगरा में चढ़ेगा तापमान

लखनऊ स्थित विभागीय मुख्यालय के निर्देश पर पांच जिलों की टीमों के साथ घी कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई। कार्रवाई में 17 नमूने लिए गए और 3819 किलोग्राम घी जब्त किया गया है। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

-

कुलदीप सिंह, मुख्य सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, कासगंज