दस बजे पहुंची शिक्षक, घरों को लौट गए बच्चे
देर तक स्कूल बंद रहने पर गांव के लोगों ने जताई नाराजगी
संवाद सूत्र, रनियां: सुबह नौ बजे तक स्कूल का गेट न खुलने पर गांव के लोग एकत्र हो गए। वहां मौजूद बच्चे कुछ देर इंतजार करने के बाद घरों को इसलिए वापस हो गई कि शायद आज अवकाश है। करीब दस बजे जैसे ही शिक्षिका स्कूल खोलने पहुंची तो ग्रामीणों ने उन्हें खूब खरी-खरी सुनाई। ग्रामीणों के अनुसार मैथा ब्लॉक के ग्राम सभा परसोली के प्राथमिक विद्यालय लच्छू पुरवा में शिक्षा को लेकर लगातार अनियमितता बरती जा रही है।
मंगलवार को सुबह प्राथमिक विद्यालय लच्छू पुरवा का गेट नौ बजे तक नहीं खुला तो धीरे-धीरे ग्रामीण एकत्रित होने लगे। वहीं करीब दस बजे पहुंची विद्यालय की प्रधानाध्यापिका पुष्पा देवी ने विद्यालय का गेट खोला। यह देख वहां के ग्रामीण भड़क गए और उन्होंने विद्यालय के अध्यापकों को हमेशा देरी से आने के आरोप लगाते हुए खरीखोटी सुनाई जबकि विद्यालय में बच्चों की संख्या 46 है और अध्यापक तीन हैं, लेकिन दस बजे सुबह तक एक भी बच्चा विद्यालय नहीं पहुंचा और एक अध्यापक ट्रेनिग पर जाने की बात बताई गई। दूसरे अध्यापक के छुट्टी पर होने की बात प्रधानाध्यापिका द्वारा बताई गई। वहीं ग्रामीणों का आरोप था कि यह समस्या आए दिन की है। यहां के शिक्षक बच्चों के भविष्य से लगातार खिलवाड़ कर रहे हैं। विद्यालय कभी 10 बजे से पहले नहीं खुलता है। विद्यालय अधिकारियों की नजर से दूर होने के कारण विद्यालय की प्रधानाध्यापिका का रवैया विद्यालय के प्रति ठीक नहीं रहता है। ग्रामीणों का कहना था कि विद्यालय में अधिकारी ध्यान दें तो यह नौबत न आए विद्यालय की अजीबोगरीब पढ़ाई से बच्चों को प्राइवेट स्कूल में भेजना पड़ता है। प्रधानाध्यापिका ने बताया कि सड़क पर जाम होने के चलते देरी से आई थीं। साथ ही मनोरमा सहायक अध्यापिका ट्रेनिग पर हैं और सीता देवी छुट्टी पर हैं।
दूसरे स्कूल सरवन खेड़ा ब्लॉक के लाटा गांव में विद्यालय की व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं, लेकिन 122 बच्चों के बीच में प्रधानाध्यापिका सरोज समेत क्षमा, मीना तीन ही शिक्षक तैनात हैं, जिससे बच्चे काबू में नहीं हो पाते हैं। विद्यालय की जांच पड़ताल में 103 बच्चे मौजूद मिले। मेन्यू के अनुसार मिडडे मील बच्चों को दिया गया। प्रधानाध्यापिका प्राथमिक विद्यालय लाटा सरोज मिश्रा ने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी को शिक्षक कम होने की जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन अभी शिक्षक नहीं भेजे गए हैं। लच्छू पुरवा प्राथमिक विद्यालय में अनियमितता की जानकारी मिली है। इसकी जांच की जाएगी साथ ही देरी से आने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई होगी। पूनम वर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी मैथा