कानपुर देहात में बस-ट्रक की टक्कर से दो की मौत, 15 यात्री घायल; राजस्थान से लखनऊ आ रही थी बस
कानपुर देहात के सिकंदरा में कानपुर-इटावा हाईवे पर एक स्लीपर बस ट्रक से टकरा गई, जिससे दो यात्रियों की मौत हो गई और 15 लोग घायल हो गए।

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन और घटनास्थल पर मौजूद लोग। (तस्वीर- जागरण)
HighLights
कानपुर देहात में बस-ट्रक टक्कर से दो यात्रियों की मौत।
राजस्थान से लखनऊ लौट रही बस में 15 लोग घायल हुए।
चालक को झपकी आने से हादसा होने की आशंका है।
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात। सिकंदरा के खोजाफूल कस्बे में कानपुर-इटावा हाईवे पर स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई, इससे बस सवार दो यात्रियों की जान चली गई।
वहीं 15 लोग घायल हो गए।बस राजस्थान के खाटू श्याम से दर्शन कराकर वापस लखनऊ जा रही थी।आशंका है कि बस चालक को झपकी आने से ऐसा हुआ।
सिकंदरा में गुरुवार सुबह करीब पांच बजे हादसा हुआ।बस की रफ्तार करीब 80 किमी रही होगी, खोजाफूल में आगे चल रहे ट्रक से तेजी से टकराई तो यात्रियों में चीखपुकार मच गई।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाला। हादसे में उन्नाव शुक्लागंज के 55 वर्षीय रामानंद व हरदोई के कछौना के शमसापुर गांव के 40 वर्षीय कृष्णवीर की जान चली गई।वहीं 15 लोग घायल हो गए, बच्चे मिलाकर कुल 30 लोग सवार थे।
सभी को सीएचसी लेकर जाया गया, जहां से कई को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। इंस्पेक्टर सिकंदरा धीरेंद्र सिंह ने बताया कि आशंका है कि चालक को झपकी आ गई और वह नियंत्रण न कर पाया और आगे ट्रक से जा भिड़ा।