कानपुर देहात मेडिकल कालेज में लाइन में लगे पूर्व सांसद से अभद्रता, बहस का वीडियो वायरल
कानपुर देहात मेडिकल कॉलेज में पर्चा बनवाने के दौरान पूर्व सांसद अनिल शुक्ल वारसी ने सुरक्षा गार्ड पर अभद्रता और ...और पढ़ें

मेडिकल कालेज में गार्ड व पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी (दाएं) के बीच होती बहस। वीडियोग्रैव
HighLights
पूर्व सांसद ने मेडिकल कॉलेज में अभद्रता का आरोप लगाया।
सुरक्षा गार्ड की पत्नी ने पूर्व सांसद पर गालीगलौज का आरोप लगाया।
बहस का वीडियो वायरल होने पर गार्ड को निलंबित किया गया।
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात। मेडिकल कालेज ओपीडी में पर्चा बनवाने के लिए लाइन में लगे पूर्व सांसद अनिल शुक्ल वारसी ने देरी से पर्चा बनने व एक घंटा तक समय लगने का आरोप लगा विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सुरक्षा गार्ड ने उनके साथ अभद्रता की व धक्का दिया। वहीं गार्ड की पत्नी ने गालीगलौज करने का आरोप लगाया है। दोनों पक्ष में बहस का वीडियो भी प्रसारित हो गया।
गुरुकुल के बच्चों को दिखाने के लिए पूर्व सांसद अनिल शुक्ल वारसी टीशर्ट व लोवर पहनकर मेडिकल कालेज में पर्चा बनवाने के लिए लाइन में सामान्य नागरिक की तरह लगे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि एक गार्ड ने उनके साथ अभद्रता की, उन्होंने देरी से पर्चा बनने व एक एक घंटा तक लाइन लगे रहने का आरोप लगा विरोध किया तो गार्ड आ गया और अभद्रता की।
इस दौरान वहां दोनों पक्ष में एक दूसरे को अपशब्द कहे गए। पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी ने बताया कि हम गुरुकुल के छह बच्चों का उपचार कराने आए थे पर्चा बनवाने के लिए बच्चे आगे व हम उनके पीछे लाइन में लगे थे काफी देर तक लाइन में लगे रहे इस दौरान कुछ लोगों ने पहचान लिया तो डाक्टर व कर्मचारी हमारे पास आए और कहने लगे आप बैठो हम पर्चा बनवाकर लाते हैं जिस पर हमने कहा आप परेशान न हो हम व्यवस्था के तहत पर्चा बनवा लेंगे।
पर्चा बनने के लिए लाइन में हमारे आगे दो लोग बचे थे इसी बीच गार्ड ने धक्का दे दिया विरोध किया तो अभद्रता करने लगा साथ में खड़ी गार्ड की पत्नी पर भी अपशब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा हमें सरकारी अभिलेख जांचने का अधिकार नहीं है इसलिए हमने एसडीएम अकबरपुर को फोन किया था।
उन्होंने नायब तहसीलदार को भेजा था तो हमने उनसे उपस्थिति रजिस्टर दिखवाने की बात कही थी लेकिन नहीं दिखाए गए। हम स्वास्थ्य मंत्री डिप्टी सीएम व मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मामले से अवगत कराएंगे। वहीं गार्ड की पत्नी ने पूर्व सांसद पर अपशब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाया।
प्राचार्य डा. अंबरीश गुप्ता ने मामला शांत कराया। उन्होंने कहा कि क्यूआर कोड से भी पर्चा की व्यवस्था है व काउंटर भी बढ़ाए गए हैं। व्यवस्था सही न होने का आरोप गलत है। बाकी गार्ड को 10 दिन के लिए निलंबित किया गया है, जांच के बाद आगे की कार्यवाही होगी। जो बच्चे पूर्व सांसद संग आए थे उनका सही से इलाज करा दिया गया था।
