कानपुर में महिला मित्र से मिलने रूद्रा ग्रीन अपार्टमेंट गया था कारोबारी का बेटा, छठवीं मंजिल में बालकनी से गिरकर मौत
कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र में रुद्रा ग्रीन अपार्टमेंट की छठवीं मंजिल से गिरकर कागज कारोबारी विशाल खंडेलवाल के 22 ...और पढ़ें

HighLights
कानपुर में कारोबारी के बेटे की अपार्टमेंट से गिरकर दुखद मौत।
संभव खंडेलवाल रुद्रा ग्रीन अपार्टमेंट की छठवीं मंजिल से गिरे।
दोस्त से मिलने गए थे, पुलिस घटना की जांच कर रही।
संवाद सहयोगी, बिठूर(कानपुर)। बिठूर थाना क्षेत्र के रुद्रा ग्रीन अपार्टमेंट के टावर-2 की छठवीं मंजिल से गिरकर कागज कारोबारी के 22 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। मृतक की पहचान कौशलपुरी निवासी विशाल खंडेलवाल के बेटे संभव खंडेलवाल के रूप में हुई है।
वह शनिवार दोपहर अपार्टमेंट में रहने वाली अपनी दोस्त से मिलने उसके फ्लैट पर गया था। इसी दौरान बालकनी से नीचे गिरने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद अपार्टमेंट में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे संभव रुद्रा ग्रीन अपार्टमेंट के टावर-2 स्थित फ्लैट में अपनी दोस्त से मिलने पहुंचा था। बालकनी से गिरने के बाद उसे तत्काल पारस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। फिलहाल युवक के गिरने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस की ओर से अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संभव के पिता विशाल खंडेलवाल शहर के बड़े कागज कारोबारियों में शामिल हैं। वह चार दिन पहले बिरहाना रोड पर 20 लाख रुपये की लूट की घटना को लेकर भी चर्चा में आए थे। आरोप है कि उनके नौकरों ने मिलीभगत कर लूट की घटना का नाटक रचा था।
इस मामले में भी पुलिस की जांच चर्चा का विषय बनी थी। अब कारोबारी के बेटे की अपार्टमेंट की छठवीं मंजिल से गिरकर हुई मौत से परिवार में मातम छा गया है।