विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Kanpur Weather Alert: करवा चौथ पर बारिश बिगाड़ सकती है चांद के दीदार का इंतजार, 28 से 31 अक्टूबर तक Alert

Published: Tue, 27 Oct 2026 10:07 PM (IST)

कानपुर में चक्रवात 'अर्नब' के प्रभाव से 28 से 31 अक्टूबर तक बारिश और तेज हवाओं की आशंका है, जिससे ...और पढ़ें

करवा चौथ में बारिश के आसार। इंटरनेट मीडिया

करवा चौथ में बारिश के आसार। इंटरनेट मीडिया

HighLights

  1. चक्रवात 'अर्नब' से 28-31 अक्टूबर तक बारिश की आशंका

  2. करवाचौथ पर चांद के दीदार में हो सकती है बाधा

  3. प्रशासन ने सतर्कता बरतने और सावधानी रखने की अपील की

जागरण संवाददाता, कानपुर। Kanpur Weather Alert: करवाचौथ (karwa chauth )पर चांद का इंतजार कर रहीं महिलाओं को इस बार चक्रवात 'अर्नब' के असर का सामना करना पड़ सकता है। चक्रवात के प्रभाव से कानपुर में 28 से 31 अक्टूबर के बीच बारिश, तेज हवाओं, गरज-चमक और वज्रपात की आशंका जताई गई है।

जिला प्रशासन ने मौसम को देखते हुए अलर्ट जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार, वर्षा के बाद महीने के आखिरी दिनों में तापमान में पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।

करवाचौथ पर बादल और बारिश की आशंका

मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, बुधवार को आसमान में बादलों की आवाजाही रह सकती है। गुरुवार को बादल घने होने के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है, जबकि शुक्रवार को मध्यम से तेज वर्षा हो सकती है। ऐसे में करवाचौथ के आसपास मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। हालांकि, चांद दिखाई देने की स्थिति स्थानीय मौसम और बादलों की स्थिति पर निर्भर करेगी।

तापमान में आ सकती है 5-6 डिग्री की गिरावट

शहर में सुबह और शाम हल्की ठंडक महसूस होने लगी है, जबकि दोपहर में तेज धूप से गर्मी बनी हुई है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम है। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार, बारिश के बाद तापमान में गिरावट से ठंडक बढ़ सकती है।

प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभाव को देखते हुए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डा. विवेक चतुर्वेदी ने संबंधित विभागों को सतर्क रहने और राहत-बचाव दलों को सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

आंधी-तूफान में इन बातों का रखें ध्यान

प्रशासन ने लोगों को तेज हवा और बारिश के दौरान सुरक्षित पक्के भवनों में रहने की सलाह दी है। पेड़ों, बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों, जर्जर दीवारों और होर्डिंग से दूर रहें। बिजली चमकने पर खुले मैदान, खेत, छत और बालकनी में जाने से बचें। जलभराव वाले रास्तों और तेज बहाव वाले स्थानों से गुजरने का जोखिम न उठाएं।

किसानों और पशुपालकों के लिए भी निर्देश

किसानों को कटी फसल, अनाज, भूसा और कृषि उपकरण सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है। फसल को तिरपाल से ढककर मजबूती से बांधने और प्रतिकूल मौसम में कीटनाशकों व उर्वरकों का छिड़काव नहीं करने को कहा गया है। पशुपालक पशुओं को पेड़ों के नीचे या कमजोर छप्परों में न बांधें और उनके लिए सुरक्षित स्थान, चारा व स्वच्छ पानी सुनिश्चित करें।

आपात स्थिति में 112 पर करें संपर्क

प्रशासन ने जर्जर भवनों और कमजोर दीवारों की पहचान कर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए हैं। लोगों से मोबाइल फोन चार्ज रखने, जरूरी दवाएं और टॉर्च उपलब्ध रखने तथा बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजन का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 या स्थानीय प्रशासन को सूचना दें। मौसम से जुड़ी जानकारी के लिए अधिकृत स्रोतों पर ही भरोसा करें और अफवाहों से बचें।

यह भी पढ़ें- ‘कच्चा बादाम’ गर्ल अंजलि अरोड़ा के खिलाफ कानपुर कोर्ट में मुकदमा दर्ज, 5 नवंबर को दर्ज होंगे बयान