Ranji Trophy: ग्रीन पार्क में उत्तर प्रदेश और बड़ौदा के बीच रोमांचक मुकाबला
कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में 2 से 5 नवंबर तक उत्तर प्रदेश और बड़ौदा के बीच रणजी ट्रॉफी मुकाबला ...और पढ़ें

बल्लेबाजी का अभ्यास करते रिंकू सिंह। जागरण
HighLights
दो से पांच नवंबर तक ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा मैच, जीत पर रहेगी मेजबान व मेहमान टीम की नजर
उत्तर प्रदेश के रिंकू, माधव, करन, अभिषेक, जीशान, आर्यन के कंधों पर घरेलू मैदान में जीत दिलाने का दारोमदार
जागरण संवाददाता, कानपुर। ग्रीन पार्क स्टेडियम में उत्तर प्रदेश और बड़ौदा के बीच रणजी ट्राफी मुकाबला सुबह साढ़े नौ बजे से खेला जाएगा। दो से पांच नवंबर तक खेले जाने वाले मुकाबले में मेजबान उत्तर प्रदेश व मेहमान बड़ौदा की नजर जीत पर रहेगी।
नए सीजन में अभी तक खेले गए मुकाबलों में उत्तर प्रदेश की टीम बिहार व गोवा पर जीत हासिल कर चुकी है। वहीं, पुडुचेरी के खिलाफ उसे खराब रोशनी के चलते ड्रा खेलना पड़ा था। दूसरी ओर बड़ौदा की टीम भी दो मुकाबले में जीत और जम्मू-कश्मीर के साथ खेले गए मुकाबले में ड्रा खेल चुकी है।
रविवार को मैच से पहले मिले अभ्यास में उत्तर प्रदेश के बल्लेबाजों ने तेज गेंदबाजों के सामने डटकर बल्लेबाजी का अभ्यास किया। बाउंसर व शार्ट पिच गेंद के साथ फिरकी गेंदबाजों के सामने खूब बल्लेबाजी की। दूसरी ओर बड़ौदा के बल्लेबाजों ने स्पिनर की मददगार पिच पर बल्लेबाजी का अभ्यास किया। नेट्स पर बड़ौदा के तेज गेंदबाजों ने सटीक लेंथ व रफ्तार का प्रदर्शन कर मैच से पहले तैयारी को अंतिम रूप दिया।
शनिवार को वर्षा के कारण अभ्यास से वंचित रहे मेजबान व मेहमान टीम के खिलाड़ियों ने सुबह आठ बजे से ही ग्रीन पार्क में डेरा डाल लिया। तीन-तीन अभ्यास विकेट पर बल्लेबाज व गेंदबाजों ने पिच का मिजाज समझा और स्पिनर की मददगार पिच पर रफ्तार व लेंथ की गेंद खेलने का अभ्यास किया।
उत्तर प्रदेश की ओर से रिंकू, माधव, करन, अभिषेक, जीशान, आर्यन ने नेट्स पर कुनाल त्यागी, प्रशांतवीर, वंश चौधरी व अभिनंदन सिंह के साथ करीब एक घंटे तक बल्लेबाजी का अभ्यास किया। इसी प्रकार बड़ौदा के बल्लेबाज भार्गव भट्ट, अतीत सेठ, मिथेश पटेल, प्रियांशु, अक्षय ने बल्लेबाजी व गेंदबाजी में अभ्यास किया।
उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी बल्लेबाजी व क्षेत्ररक्षण पर अभ्यास करते दिखे। जबकि, बड़ौदा के बल्लेबाज स्पिनर के सामने खेलने में जुटे रहे। मेहमान टीम ने ग्रीन पार्क की विकेट पर स्पिनर के खिलाफ तैयारी के लिए ग्रीन पार्क हास्टल के खिलाड़ियों को बुलाकर तैयारियों दुरुस्त किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।