विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी छात्रवृत्ति आवेदन की समय-सीमा बढ़ी, छात्रों को मिली राहत, नवंबर तक सत्यापन और भुगतान

Published: Sat, 10 Oct 2026 10:23 PM (IST)

तकनीकी दिक्कतों के चलते उत्तर प्रदेश में छात्रवृत्ति आवेदन की समय-सीमा बढ़ा दी गई है। अब नवंबर तक सत्यापन और भुगतान की प्रक्रिया चलेगी, जिससे छात्रों को राहत मिलेगी।

स्काॅलरशिप आवेदन।

स्काॅलरशिप आवेदन।

HighLights

  1. तकनीकी दिक्कतों के चलते सरकार ने बढ़ाई समयसीमा, विद्यालयों और छात्रों को मिली राहत

  2. नवंबर तक चलेगी सत्यापन, स्क्रूटनी और भुगतान की प्रक्रिया, सीधे खातों में पहुंचेगी छात्रवृत्ति

जागरण संवाददाता, कानपुर। शैक्षिक सत्र में पूर्वदशम (कक्षा 9-10) और दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए शासन ने संशोधित समय-सारिणी जारी कर दी है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति वितरण में तकनीकी समस्याओं और मास्टर डाटा संबंधी त्रुटियों के कारण कई चरणों की समय-सीमा बढ़ा दी गई है।


समाज कल्याण के निदेशक संजीव सिंह के निर्देशों के बाद अब विद्यालयों, छात्रों और संबंधित अधिकारियों को अतिरिक्त समय मिलेगा। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार विद्यालयों को मास्टर डाटा तैयार कर अपलोड करने की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर, जबकि जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा सत्यापन की अंतिम तिथि 11 अक्टूबर तय की गई है। अल्पसंख्यक वर्ग के एनएसपी पोर्टल पर पंजीकृत निजी विद्यालयों की मार्किंग 13 अक्टूबर तक की जाएगी।


नवीनीकरण (कक्षा 10 व 12) के विद्यार्थी 15 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर हार्ड कापी संस्थान में जमा कर सकेंगे। विद्यालय 20 अक्टूबर तक बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण, प्राप्तांक, उपस्थिति दर्ज कर आवेदन अग्रसारित करेंगे, जबकि जिला विद्यालय निरीक्षक 23 अक्टूबर तक वास्तविक छात्रों का सत्यापन करेंगे। इसके बाद एनआईसी की स्क्रूटनी, जनपदीय समिति द्वारा डाटा लाक, मांग सृजन और 4 नवंबर तक छात्रवृत्ति की धनराशि विद्यार्थियों के खातों में भेजी जाएगी।


वहीं फ्रेश यानी नए (कक्षा 9 व 11) विद्यार्थियों के लिए आनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर निर्धारित की गई है। छात्र 19 अक्टूबर तक आवेदन का फाइनल प्रिंट निकाल सकेंगे और 22 अक्टूबर तक हार्ड कापी विद्यालय में जमा करनी होगी। विद्यालय 26 अक्टूबर तक आवेदन सत्यापित कर अग्रसारित करेंगे। इसके बाद सत्यापन, स्क्रूटनी, डाटा लाकिंग और मांग सृजन की प्रक्रिया पूरी कर 20 नवंबर तक पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में छात्रवृत्ति की राशि भेजी जाएगी।


समाज कल्याण विभाग ने सभी विद्यालयों, जिला विद्यालय निरीक्षकों और संबंधित अधिकारियों को संशोधित समय-सारिणी का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी पात्र छात्र-छात्रा को छात्रवृत्ति से वंचित न रहना पड़े।

यह भी पढ़ें- UP Cabinet Decision: दीपावली-होली पर मुफ्त गैस सिलिंडर, कानपुर के 1.95 लाख उज्ज्वला परिवारों को राहत