विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP Roadways Free Ticket: दिव्यांग यात्रियों को नहीं देना होगा किराया, UDID Card दिखाते ही मिलेगा मुफ्त टिकट

Published: Wed, 30 Sep 2026 08:21 PM (IST)

परिवहन निगम ने दिव्यांग यात्रियों के लिए नई व्यवस्था शुरू की है, जिसमें अब वे यूडीआईडी कार्ड दिखाकर रोडवेज बसों ...और पढ़ें

यूपी रोडवेज की बसें।

यूपी रोडवेज की बसें।

HighLights

  1. दिव्यांग यात्री यूडीआईडी कार्ड दिखाकर मुफ्त टिकट प्राप्त करेंगे

  2. परिचालक ईटीआइएम मशीन से क्यूआर कोड स्कैन कर सत्यापित करेंगे

  3. नई व्यवस्था से यात्रा सुगम, पारदर्शी और सम्मानजनक बनेगी

जागरण संवाददाता, कानपुर। परिवहन निगम में दिव्यांग यात्रियों के सफर को अधिक सुगम करने के साथ ही सम्मानजनक और डिजिटल बनाने के लिए नई व्यवस्था जोड़ दी गई है। अब रोडवेज बसों में सफर करने वाले दिव्यांगजनों को परिचालक के साथ पात्रता को लेकर किसी भी प्रकार के असमंजस से नहीं जूझना पड़ेगा। रोडवेज बसों में अब दिव्यांगजन अपना यूनीक डिसएबिलिटी आइडी (यूडीआइडी) कार्ड परिचालक को दिखाकर तत्काल निश्शुल्क टिकट ले सकेंगे।

इस नई व्यवस्था के तहत, जैसे ही कोई दिव्यांग यात्री अपनी यात्रा शुरू करेगा, बस परिचालक उनके यूडीआइडी कार्ड पर अंकित क्यूआर कोड को अपनी इलेक्ट्रानिक टिकट वेंडिंग मशीन (ईटीआइएम) से स्कैन करेंगे। स्कैन होते ही यात्री की पात्रता और पहचान स्वतः सत्यापित हो जाएगी, इसके तुरंत बाद मशीन से 'शून्य' मूल्य का (निश्शुल्क) टिकट जेनरेट हो जाएगा।

परिवहन निगम के अधिकारियाें ने बताया कि परिचालकों को इस नई प्रणाली को लेकर प्रशिक्षित किया जा रहा है। यदि किसी बस में परिचालक यूडीआइडी कार्ड को स्कैन करने से मना करता है या फिर तकनीकी बहाना बनाकर दिव्यांग यात्री को परेशान करता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

कानपुर परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) बताते हैं कि पहले दिव्यांगजनों को मुफ्त यात्रा का लाभ लेने के लिए कई तरह के प्रमाणपत्र, पास या पास की छायाप्रति साथ रखनी पड़ती थी। कई बार परिचालकों द्वारा इन दस्तावेजों की प्रामाणिकता जांचने में समय लगता था। इससे यात्रियों को असुविधा महसूस करते थे। अब डिजिटल सत्यापन की इस नई तकनीक से न केवल पारदर्शिता आएगी, बल्कि दिव्यांग यात्रियों के समय की भी बचत होगी।


दिव्यांग यात्रियों को अभी तक टिकट नहीं मिलता था, उनकी यूडीआइडी का नंबर परिचालक मैनुअल नोट करते थे। अब नई व्यवस्था के तहत दिव्यांग यात्रियों को भी टिकट मिलेगा, जो पूरी तरह से निश्शुल्क होगा।
- महेश कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम

 

यह भी पढ़ें- Champat Rai Kanpur Visit: राम जन्मभूमि के नाम पर पैसा कमाने वालों पर चंपत राय का बड़ा बयान, बोले- कमाया और चले गए 

यह भी पढ़ें- कानपुर में गड्ढों की मरम्मत पर महंगाई की मार, 6 माह में 57 हजार रुपये प्रतिटन बढ़े बिटुमिन के दाम, आपूर्ति का संकट