UP Roadways की बदहाल यात्रा, गोरखपुर को निकली कानपुर जनरथ एसी बस का टायर फटा, 14 घंटे से नवाबगंज में खड़ी
कानपुर से गोरखपुर जा रही यूपी रोडवेज की जनरथ एसी बस का नवाबगंज में टायर फट गया, जिससे 41 यात्री ...और पढ़ें

HighLights
कानपुर से गोरखपुर जा रही बस का टायर फटा
नवाबगंज में 14 घंटे से फंसी है जनरथ बस
खराब टायरों से परेशान चालक-परिचालक, यात्री हुए शिफ्ट
जागरण संवाददाता, कानपुर। 41 यात्रियों लेकर लखनऊ-अयोध्या वाया बस्ती होकर गोरखपुर जा रही उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की जनरथ एसी बस का टायर रविवार शाम को फट गया। घटना के 14 घंटे हो गए, मौके पर कोई मदद नहीं पहुंची है। बस में टायर फटने से खासतौर से यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। उन्हें दूसरी बस में शिफ्ट करने में घंटे भर का समय लग गया। गनीमत रही कि टायर फटने के दौरान प्रेशर सड़क साइड में था। किसी यात्री के साथ अनहोनी नहीं हुई।
घटना नवाबगंज में रविवार रात 9:00 बजे के दौरान हुई। विकास नगर डिपो की जनरथ एसी बस (यूपी-77-एएन-2348) घटना के बाद से रास्ते में ही खड़ी है। मामले की तुरंत खबर देने के बाद भी दूसरे दिन सोमवार को भी 11:00 बजे तक बस का टायर नहीं बदला जा सका है। चालक-परिचालक दूसरे टायर के आने का मौके पर इंतजार कर रहे हैं।
टायरों की खराब स्थिति से भी चालक परेशान हैं। उनका कहना है कि पुराने टायर रबडिंग कराकर दिए जा रहे हैं, जो टिकाऊ नहीं है। बीच रास्ते में ही फट जा रहे हैं और ऐसे में यात्री परेशान हो रहे हैं, उनकी गुस्सा का सामना चालक-परिचालकों को करना पड़ रहा है।
चालक-परिचालक ने बताया कि बस में 41 सवारियां मौजूद थी। इन सभी को दूसरी बस में शिफ्ट कराया गया है। घटना की खबर उन लोगों ने रात 9:00 बजे ही विकास नगर स्थित वर्कशॉप में फोन कर दी थी, इसके बाद भी अभी तक टायर बदलने के लिए मौके पर कोई नहीं आया है।
गलती अधिकारियों की, दोष देते चालक परिचालक का
परिवहन निगम की अव्यवस्था से परेशान चालक-परिचालकों का कहना है कि अयोध्या, बस्ती, गोरखपुर लंबा रूट है। इस रूट पर भी चलने वाली जनरथ बसों की हालत ठीक नहीं है, उनके टायर बिल्कुल बेकार हैं। रबडिंग वाले हैं, जो टिक नहीं रहे हैं, राह में फट जाते हैं। इसलिए सफ़र में भयभीत रहकर बसों का संचालन करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि इस तरह की अव्यवस्था के बीच यदि कोई हादसा हो जाता है तो उसमें परिवहन निगम सीधे चालक परिचालक को ही जिम्मेदार ठहराकर कार्रवाई करता है।
