विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP बसों की बदहाली! कलपुर्जे बदलो वरना जान दे दूंगा... खटारा बस से तंग आकर कानपुर रोडवेज डिपो के गेट पर लेटा चालक

By Nirmal PandeyEdited By: Anurag Shukla
Published: Fri, 24 Apr 2026 02:46 PM (IST)

कानपुर में एक जनरथ बस चालक ने वर्कशॉप की लापरवाही और खराब कलपुर्जों से तंग आकर डिपो गेट पर लेटकर ...और पढ़ें

HighLights

  1. चालक ने कानपुर डिपो गेट पर अनोखा प्रदर्शन किया।

  2. जनरथ बस के लिए नए, सुरक्षित कलपुर्जों की मांग की।

  3. वर्कशॉप की लापरवाही से बसें बार-बार खराब हो रही थीं।

जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर रोडवेज के वर्कशॉप की लापरवाही से तंग आकर एक जनरथ बस के चालक ने अनोखा प्रदर्शन किया। गाजीपुर से बस लेकर लौटे चालक ने डिपो के गेट पर ही लेटकर रास्ता जाम कर दिया। चालक का कहना था कि जब तक बस में नए और सुरक्षित कलपुर्जे नहीं डाले जाएंगे, वह गेट से नहीं हटेगा।

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की विकास नगर स्थित वर्कशॉप रोडवेज बसों में तकनीकी दिक्कतों को दूर करने में नाकाम साबित हो रहा है। खासतौर से बार-बार खराबी आने से एसी बसों के चालक-परिचालक आजिज आ चुके हैं। वर्कशॉप के कर्मी नए कलपुर्जे न डालकर पुराने से ही बस की मरम्मत कर मामले से पल्ला झाड़ रहे हैं।

शुक्रवार सुबह 7:00 बजे के दौरान गाजीपुर से लौट जनरथ बस (यूपी-78-एएन-2354) के चालक आरके शुक्ला विकास नगर डिपो के गेट पर गुस्से में तिरछी बस लगा दी और वहीं गेट पर ही गमछा बेचकर लेट गए। ऐसा देखकर वहां आसपास मौजूद अन्य चालक परिचालक भी गेट पर आ गए। इससे भीड़ और अधिक बढ़ गई।

बाद में बदले गए पुर्जे

मामले की खबर सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (संविदा) किरन के पास पहुंची। कुछ देर बाद मौके पर एआरएम किरन और फोरमैन सुरेश पहुंचे। इन लोगों ने चालक शुक्ला को काफी मनाने का प्रयास किया। जिस पर चालक का कहना था कि उनकी बस में जब तक नए कलपुर्जे नहीं डाले जाएंगे तब तक वह गेट से हटेंगे नहीं। जिस पर एआरएम और फोरमैन ने सहमति जताई, इसके बाद बस को वर्कशॉप में ले जाया गया, जहां प्रेशर प्लेट, रिलीज बेरिंग, क्लच प्लेट समेत अन्य नए कलपुर्जे बस में डाले जा रहे हैं।

क्लच प्लेट जाम, इंजन गर्म, यात्री धूप में परेशान

चालक आरके शुक्ला और परिचालक जनक सिंह ने बताया कि जनरथ एसी बस गाजीपुर रोड पर चलती है। वह गाड़ी लेकर मंगलवार को गाजीपुर निकले थे, रास्ते में फतेहपुर के पास क्लच प्लेट जाम हो गया। इंजन भी काफी गर्म हो गया था। गाड़ी में आई खराबी से यात्री भी परेशान थे, धूप तेज थी। यात्री झगड़ने लगे थे। फिर धीरे-धीरे कर वह गाजीपुर पहुंचे और वहां फोरमैन से कहकर क्लच प्लेट को फिलहाल के लिए दुरुस्त करा लिया था। चालक ने बताया कि गाजीपुर से बस को लेकर वह किस तरह से कानपुर में विकास नगर डिपो तक पहुंचे हैं, यह वही जानते हैं।

2 दिन पहले बना एसी रास्ते में खराब, यात्रियों ने सुनाई खरी-खोटी

झकरकटी बस अड्डे से बनारस के लिए निकली सुबह 9:00बजे बस (यूपी 78 एफटी-6862) चकेरी के पास पहुंची थी कि उसमें एसी बंद हो गया। धूप तेज थी, इसलिए सवारियां भी चालक नीरज मौर्य और परिचालक सुनील सिंह से नाराजगी जाहिर करने लगे। चालक-परिचालक ने बताया कि बस में एसी दो दिन पहले ही वर्कशॉप में बनाया गया था और अगली सुबह ही खराब हो गया।