विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कन्नौज और जालौन में दारोगा-सिपाहियों को दौड़ाकर पीटा, 14 पर मुकदमा

Published: Thu, 26 Nov 2026 11:38 PM (IST)

कन्नौज और जालौन में पुलिस टीमों पर हमले हुए, जिसमें दारोगा और तीन सिपाही घायल हो गए। इन दोनों मामलों में 14 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि उन्नाव में पुलिस चौकी पर मारपीट का भी मामला सामने आया।

हमले के बाद आरोपितों की तलाश में दबिश देती पुलिस। जागरण

हमले के बाद आरोपितों की तलाश में दबिश देती पुलिस। जागरण 

HighLights

  1. कन्नौज में दारोगा और तीन सिपाही हमले में घायल हुए।

  2. जालौन में ट्रैफिक सिपाही से मारपीट, मोबाइल तोड़ा गया।

  3. उन्नाव चौकी में पुलिस की अनुपस्थिति में दो पक्षों में मारपीट।

जागरण टीम, कानपुर। कन्नौज व जालौन में पुलिस टीम पर हमले में दारोगा व तीन सिपाही घायल हो गए। पुलिस ने दोनों मामलों में 14 आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। दो हमलावरों को हिरासत में लेने के साथ ट्रैक्टर व बाइक को भी जब्त किया है।


कन्नौज में समधन के आजाद नगर निवासी जाने आलम ने बुधवार रात पुलिस को सूचना दी कि गर्दाबाद निवासी उरूज उर्फ करिया ने रंजिश के चलते उस पर हमला कर तमंचे से फायरिंग की है। कोतवाली प्रभारी ध्यानेंद्र प्रताप सिंह ने रात को दबिश दी पर वह घर में नहीं मिला। गुरुवार दोपहर करीब एक बजे समधन चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सूर्यप्रकाश उपाध्याय, सिपाही सत्यप्रकाश व आदेश कुमार ने उसके घर में दबिश दी तो ताला लगा मिला।

पूछताछ करने पर उरूज के स्वजन, पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदारों ने पुलिस टीम से अभद्रता शुरू कर दी और आरोपितों ने हमला बोलते हुए दारोगा व सिपाहियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। दारोगा का गला दबा दिया। पुलिसकर्मियों ने भागकर किसी तरह जान बचाई। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर पीएसी तैनात की गई है। सात आरोपितों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।


इसी प्रकार, उरई सदर कोतवाली के राठ रोड पर बुधवार की रात करीब 10 बजे कार व बाइक में टक्कर हो गई। इस पर बाइक सवारों ने अपने कुछ साथियों को बुला लिया व कार सवारों के साथ मारपीट की। ट्रैफिक सिपाही हेम सिंह चाहर वहां पहुंचा और मामला शांत कराना चाहा। इस पर आरोपितों ने उसके साथ मारपीट कर मोबाइल तोड़ दिया व वर्दी फाड़ दी।

सीओ सिटी राजेश कमल ने बताया कि ट्रैफिक सिपाही की तहरीर पर सदर कोतवाली में सात लोगों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिस की छवि धूमिल करने व मारपीट के आरोप में बउआ, राहुल, कृष्णा, झूरीलाल, आदित्य सिंह, शंकर, अन्नू के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।

उन्नाव में चौकी से पुलिस नदारद, परिसर में दो पक्षों में मारपीट

उन्नाव की मगरवारा चौकी में पुलिस की मौजूदगी नहीं होने से बुधवार रात परिसर को दो पक्षों ने मारपीट का अखाड़ा बना दिया। शिकायत लेकर पहुंचे एक पक्ष को दूसरे पक्ष ने लात-घूंसों व ईंट से जमकर पीटा। लगभग 30 मिनट तक हंगामा चला। किसी ने वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रचलित कर दिया। यूपी-112 की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो को गिरफ्तार कर लिया।

मगरवारा निवासी प्रज्ञा सिंह तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित लकी सिंह तथा रिवांशु सिंह को जेल भेजा गया है। चर्चा है कि सदर कोतवाली के हनुमान मंदिर का बुधवार को जीर्णोद्धार हुआ था, जिसके भंडारे का प्रसाद लेने पुलिसकर्मी चौकी छोड़कर गए थे, तभी घटना हुई।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।