बुजुर्ग महिलाओं के लिए रोडवेज में 'शून्य मूल्य' टिकट व्यवस्था शुरू, आधार कार्ड साथ रखना अनिवार्य
उत्तर प्रदेश रोडवेज में 26 अगस्त से बुजुर्ग महिलाओं को मुफ्त यात्रा मिल रही है, लेकिन अब उन्हें 'शून्य मूल्य' ...और पढ़ें
-1791651277458_m.webp)
HighLights
26 अगस्त से बुजुर्ग महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा
अब मिलेगा 'शून्य मूल्य' का वैध टिकट
आधार कार्ड अनिवार्य, बीमा दावे में सहायक
जागरण संवाददाता, कानपुर। परिवहन निगम की साधारण बसों में बुजुर्ग महिलाओं के सफर को 26 अगस्त से निश्शुल्क कर दिया गया है, पर उन्हें ईटीएम (इलेक्ट्रानिक टिकट मशीन) से टिकट नहीं मिल रहा है। इससे यात्रा के संबंध में उनके पास कोई प्रमाण नहीं है। इसके अलावा काेई घटना होने पर वह या उनके परिजन परिवहन निगम से कोई क्लेम नहीं कर सकते हैं, पर अब उन्हें परिचालक ठीक वैसे ही टिकट देंगे जैसे अन्य यात्रियों को देते हैं बस फर्क इतना होगा कि उनके टिकट पर 'शून्य मूल्य' दर्ज होगा। ये व्यवस्था जल्द ही लागू होने वाली है। इसके लिए निगम मुख्यालय पर काम शुरू हो गया है।
कानपुर परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) महेश कुमार का कहना है कि रोडवेज बसों में सफर करने वाली 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को भी जल्द ही शून्य रुपये पर टिकट मिलेगा। इसके लिए परिचालकों की इलेक्ट्रानिक टिकट मशीन में फीडिंग आदि का काम चल रहा है। निश्शुल्क बस यात्रा का लाभ उठाने के लिए बुजुर्ग महिलाओं को साथ में आधार कार्ड रखना अनिवार्य है। परिचालक को आधार कार्ड को मशीन से स्कैन कर निश्शुल्क टिकट जारी करेंगे।
महिलाओं के लिए टिकट की उपयोगिता
बुजुर्ग महिलाओं को मिलने वाला निश्शुल्क टिकट इस बात का सबूत रहेगा कि बस में वह आधिकारिक रूप से सफर कर रही हैं। इस ''''शून्य मूल्य'''' वाले टिकट में बस संख्या, यात्रा शुरू होने का स्थान और गंतव्य (कहां तक जाना है) जैसी जानकारी दर्ज होगी। यही नहीं, किसी भी अप्रिय घटना या दुर्घटना की स्थिति में, बस टिकट यात्री की सुरक्षा और परिवहन निगम की ओर से मिलने वाले बीमा दावों के लिए सबसे महत्वपूर्ण कानूनी दस्तावेज है। बिना टिकट के क्लेम मिलना मुश्किल हो सकता है।
