कानपुर में UP का पहला स्किन बैंक, बर्न के गंभीर घायलों के लिए होगा जीवन रक्षक
कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में प्रदेश का पहला स्किन बैंक नए साल से बर्न यूनिट के साथ शुरू होगा। यह गंभीर रूप से जले हुए मरीजों की जान बचाने और संक्रमण से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा, जिसके लिए 100 से अधिक लोग त्वचा दान का संकल्प ले चुके हैं।

HighLights
गंभीर बर्न घायलों की जीवन रक्षा में उपयोगी
उत्तर प्रदेश का पहला स्किन बैंक कानपुर में
100 से अधिक लोगों ने त्वचा दान का संकल्प लिया
जागरण संवाददाता, कानपुर। गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक चिकित्सा महाविद्यालय (जीएसवीएम) में प्रदेश के पहले स्किन बैंक को स्थापित करने की पहल फिर से शुरू हुई है। नए साल से बर्न यूनिट की शुरुआत के साथ ही बर्न के गंभीर घायलों की जीवन रक्षा के लिए स्किन बैंक स्थापित करने की तैयारी चल रही है।
मेडिकल कालेज की ओर से भी शासन को पत्र लिखकर स्किन बैंक स्थापित करने की अनुमति मांगी गई है। ताकि 18 जिलों से आने वाले बर्न के गंभीर घायलों की जीवन रक्षा स्किन ट्रांसप्लांट कर की जा सके। पिछले दिनों इसके लिए ही युग दधीचि देहदान अभियान की टीम की ओर से 75 लोगों को जीएसवीएम मेडिकल कालेज में स्किन दान का संकल्प दिलाया गया था। अब तक 100 से ज्यादा लोग स्किन दान करने का संकल्प ले चुके हैं।
जीएसवीएम मेडिकल कालेज के प्राचार्य प्रो. संजय काला ने कहा कि बर्न के गंभीर घायलों में स्किन ट्रांसप्लांट (स्किन ग्राफ्टिंग) में शरीर के किसी स्वस्थ हिस्से से त्वचा लेकर जले हुए घाव पर लगाया जाता है। जले हुए हिस्से से मृत या क्षतिग्रस्त ऊतकों को हटाकर क्षेत्र को साफ किया जाता है। नई त्वचा धीरे-धीरे नीचे के ऊतकों से पोषण और नई रक्त वाहिकाएं प्राप्त करके जुड़ती है।
स्किन बैंक के बन जाने से गंभीर स्थिति वाले बर्न के घायलों के घाव में नई स्किन लगाकर संक्रमण से बचाया जा सकता है। यूनिट की शुरुआत के साथ ही स्किन बैंक को संचालित करने के लिए शासन को पत्र लिखा गया है। युग दधीचि अभियान प्रमुख मनोज सिंगर ने बताया कि प्रदेश में किसी भी मेडिकल कालेज में स्किन बैंक नहीं है।
ऐसे में कानपुर मेडिकल कालेज में स्किन बैंक स्थापित होने से पूरे प्रदेश के कई जिलों को फायदा मिलेगा। इसके लिए पिछले दिनों विधानसभा अध्यक्ष की उपस्थिति में 75 लोगों ने त्वचा दान की शपथ दिलाई गई है। स्किन बैंक बन जाने के बर्न के गंभीर मरीजों का इलाज बेहतर हो सकेगा।
एक नजर
26 बेड की प्लास्टिक, बर्न एवं रीकंस्ट्रेक्टिव यूनिट।
20 बेड का जनरल वार्ड होगा।
06 बेड का आइसीयू होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।