यूपी में कृषि यंत्रों खरीदने पर सरकार देगी पैसा, 5 दिसंबर तक करें ऑनलाइन बुकिंग
कृषि विभाग ने उत्तर प्रदेश के किसानों को कृषि यंत्रों पर अनुदान पाने के लिए ऑनलाइन बुकिंग का दूसरा अवसर दिया है। किसान 5 दिसंबर तक विभागीय पोर्टल पर आवेदन कर विभिन्न कृषि यंत्रों और योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
कृषि यंत्रों पर अनुदान हेतु ऑनलाइन बुकिंग का दूसरा अवसर।
किसान 5 दिसंबर की रात 12 बजे तक कर सकते हैं आवेदन।
विभिन्न कृषि यंत्रों और योजनाओं पर मिलेगा सरकारी अनुदान।
जागरण संवाददाता, कानपुर। कृषि विभाग ने कृषि यंत्रों पर अनुदान पाने के इच्छुक किसानों को दूसरी बार ऑनलाइन बुकिंग का अवसर दिया है। उप कृषि निदेशक डॉ. आर.एस. वर्मा ने बताया कि सब मिशन आन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन (एसएमएएम) और प्रमोशन आफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्राप रेजिड्यू (सीआरएम) योजनाओं के तहत किसान 5 दिसंबर की रात 12 बजे तक विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध अवशेष कृषि यंत्रों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
योजना में फार्म मशीनरी बैंक, कस्टम हायरिंग सेंटर, किसान ड्रोन, एकल कृषि यंत्र और फसल अवशेष प्रबंधन से जुड़े यंत्रों पर अनुदान मिलेगा। आवेदन के लिए पंजीकृत मोबाइल नंबर से टोकन लेना होगा।
10,001 से एक लाख रुपये तक अनुदान वाले यंत्रों के लिए ढ़ाई हजार रुपये और एक लाख रुपये से अधिक अनुदान वाले यंत्रों के लिए पांच हजार रुपये जमानत राशि जमा करनी होगी। विभाग ने किसानों से निर्धारित अवधि में आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।