'अब जाति-धर्म नहीं... विकास के नाम पर हो राजनीति', जागरण विमर्श में बोले डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक
Jagran Vimarsh | उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने जागरण विमर्श में कहा कि उत्तर प्रदेश ने कानून व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य और औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण बदलाव देखे हैं।

जागरण विमर्श कार्यक्रम में संबोधित करते डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक। (तस्वीर- जागरण)
HighLights
उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था और विकास की नई पहचान।
माफिया राज समाप्त, व्यापारी सुरक्षित माहौल में कर रहे काम।
जाति-धर्म नहीं, विकास के नाम पर वोट देने की अपील।
रितेश द्विवेदी, कानपुर। Jagran Vimarsh | उत्तर प्रदेश ने बीते वर्षों में बदलाव की ऐसी यात्रा तय की है, जिसने प्रदेश की पहचान और संभावनाओं को नई दिशा दी है। कभी गुंडों और माफिया के भय से कारोबार प्रभावित होता था, बेटियां घर से निकलने में असुरक्षित महसूस करती थीं और बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए लोगों को इंतजार करना पड़ता था।
आज प्रदेश कानून व्यवस्था, सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। यह बात उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गुरुवार को दैनिक जागरण की ओर से आयोजित जागरण विमर्श के शुभारंभ अवसर पर कही।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को विकसित बनाने की यात्रा में कानपुर की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। कानपुर केवल औद्योगिक नगरी नहीं, बल्कि प्रदेश की आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक चेतना का केंद्र रहा है। यहां से उठने वाली आवाज पूरे प्रदेश और देश तक पहुंचती है। उन्होंने जागरण परिवार का आभार जताते हुए कहा कि अखबार केवल सूचनाएं पहुंचाने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने और जनभावनाओं को आवाज देने का सशक्त मंच है।
उप मुख्यमंत्री ने दैनिक जागरण के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1942 में अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन के दौर में जिस विचार और संकल्प के साथ अखबार की शुरुआत हुई, वह आज भी समाज के प्रति उसकी जिम्मेदारी में दिखाई देता है। कहा कि जागरण ने आजादी के आंदोलन से लेकर देश के विकास और सामाजिक बदलावों तक की यात्रा को अपनी खबरों में दर्ज किया है। हिंदी के प्रचार-प्रसार में भी अखबार का योगदान महत्वपूर्ण है।
माफिया के भय से मुक्त हुआ प्रदेश
ब्रजेश पाठक ने वर्ष 2017 से पहले की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय प्रदेश में गुंडे और माफिया हावी थे। व्यापारियों की जमीनों और संपत्तियों पर कब्जे होते थे।
बहन-बेटियां रात में घर से निकलने में असुरक्षित महसूस करती थीं। पत्रकारों पर हमले होते थे। उन्होंने कहा कि आज माफिया और अपराधियों के मन में कानून का भय है। प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और व्यापारी सुरक्षित माहौल में काम कर पा रहे हैं।

प्रथम सत्र में अपना कानपुर दिशा दशा और चुनौतियां में सांसद रमेश अवस्थी महापौर प्रमिला पांडेय और विधायक मोहम्मद हसन रूमी।
एक्सप्रेसवे और बिजली से बदली तस्वीर
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज एक्सप्रेसवे नेटवर्क के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। सड़क संपर्क बेहतर होने से कानपुर से दिल्ली, मेरठ, झांसी और अन्य शहरों तक पहुंचना आसान हुआ है।
काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण के बाद धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिली है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में बिजली की उपलब्धता और खपत में बड़ा बदलाव आया है। पहले जहां लगभग 15 हजार मेगावाट बिजली की खपत होती थी, वहीं अब यह बढ़कर करीब 32 हजार मेगावाट तक पहुंच गई है।
स्वास्थ्य और शिक्षा में बढ़े अवसर
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में करीब 40 मेडिकल कालेज थे, जबकि अब इनकी संख्या बढ़कर 85 हो गई है। इससे डॉक्टरों की उपलब्धता और चिकित्सा शिक्षा के अवसर बढ़े हैं। बेसिक शिक्षा में सुधार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि परिषदीय विद्यालयों को ऑपरेशन कायाकल्प के तहत बेहतर बनाया गया है।
स्मार्ट क्लास, निश्शुल्क यूनिफार्म, किताबें, जूते-मोजे और मध्याह्न भोजन जैसी सुविधाओं से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का प्रयास किया जा रहा है। वर्तमान में करीब 1.92 करोड़ बच्चे बेसिक शिक्षा के विद्यालयों में पढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नकल माफिया पर अंकुश लगाकर परीक्षाओं को नकलविहीन बनाने की दिशा में काम हुआ है। प्रदेश के सभी 18 मंडलों में सरकारी विश्वविद्यालय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
उद्योग और निवेश के लिए बना अनुकूल माहौल
ब्रजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब निवेश और औद्योगिक विकास का बड़ा केंद्र बन रहा है। प्रदेश का बजट वर्ष 2017 की तुलना में लगभग तीन गुना हो चुका है। जीएसटी संग्रह में भी प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।
नोएडा में मोबाइल निर्माण से लेकर लखनऊ में रक्षा उत्पादन तक औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ब्रह्मोस मिसाइल निर्माण जैसी परियोजनाएं भी नई औद्योगिक और सामरिक क्षमता का प्रतीक हैं।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव में जाति और धर्म के नाम पर नहीं, बल्कि विकास और काम के आधार पर वोट मांगा जाना चाहिए। जनता को भी सब्जी खरीदने की तरह सरकार के कामकाज को परखना चाहिए। केवल दावों पर भरोसा न करें, बल्कि उपलब्धियों और जमीनी हकीकत का मूल्यांकन करें।
अंत में उन्होंने कानपुरवासियों से प्रदेश के विकास की इस चर्चा को आगे बढ़ाने की अपील की। साथ ही दैनिक जागरण परिवार को जागरण विमर्श के आयोजन के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसे मंच समाज, सरकार और नागरिकों के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।