यूपी बोर्ड परीक्षा सेंटर लिस्ट से हटेंगे जर्जर इंटर कॉलेज, विद्यार्थियों को एग्जाम के लिए नहीं जाना पड़ेगा दूर
कानपुर में यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों की जिला समिति बैठक में 13 जर्जर कॉलेजों को सूची से हटा दिया गया ...और पढ़ें

यूपी बोर्ड परीक्षा सेंटर लिस्ट से हटेंगे जर्जर इंटर कॉलेज।
HighLights
13 जर्जर इंटर कॉलेजों को परीक्षा केंद्र सूची से हटाया गया।
छात्रों की सुविधा हेतु दूरी और क्षमता के अनुसार समायोजन।
कानपुर से 123 विद्यालयों की नई सूची बोर्ड को भेजी गई।
जागरण संवाददाता, कानपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों को लेकर गुरुवार को जिला केंद्र निर्धारण समिति की बैठक डीएम महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में हुई। करीब डेढ़ घंटे तक चली बैठक में बोर्ड से जारी 116 केंद्रों की प्रस्तावित सूची पर आई 93 से ज्यादा आपत्तियों पर विस्तार से मंथन हुआ।
बैठक में जर्जर भवनों वाले 13 इंटर कॉलेजों को हटाने को लेकर वार्ता हुई। समिति सदस्यों ने जर्जर चिह्नित कालेजों को परीक्षा केंद्र की सूची से हटाने पर सहमति दी। जिन केंद्रों पर संसाधन के सापेक्ष अधिक छात्र संख्या आवंटित करने की आपत्ति आई थी, उन पर भी संज्ञान लिया गया। ऐसे केंद्रों के छात्रों को दूसरे विद्यालयों में समायोजित करने का फैसला लिया गया।
मानक से अधिक दूरी वाले केंद्रों को भी समीपवर्ती स्कूलों में समायोजित करने का निर्णय हुआ, ताकि परीक्षार्थियों को लंबी दूरी तय न करनी पड़े। बैठक में पिछले तीन सत्रों में लगातार केंद्र बनने वाले विद्यालयों को ही केंद्र बनाने की प्राथमिकता दी गई। इससे परीक्षा संचालन में अनुभवी स्कूलों को ही जिम्मेदारी मिलेगी।
बैठक में डीएम के अलावा एडीएम, एसडीएम, एसीएम, डीआइओएस, बीएसए समेत समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे। यूपी बोर्ड से 116 केंद्रों की प्रस्तावित सूची जारी होने और तय समयावधि में आपत्तियां आने सहित इससे संबंधित मुद्दों पर दैनिक जागरण ने लगातार खबरें प्रकाशित कीं।
डीआइओएस प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि जिला केंद्र निर्धारण समिति की बैठक में जर्जर विद्यालय हटाने, अधिक दूरी वाले स्कूलों को समायोजित करने सहित अन्य फैसले लिए गए हैं। अब 123 विद्यालयों को केंद्र बनाने की सूची उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद को भेज दी गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।